सुरक्षित प्रसव की ओर बढ़ता कदम, चौसा में गर्भवतियों के लिए विशेष जांच शिविर
गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत लगाए गए इस शिविर में क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से पहुंची 92 गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

केटी न्यूज/चौसा
गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत लगाए गए इस शिविर में क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से पहुंची 92 गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।शिविर के दौरान महिलाओं का हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ब्लड ग्रुप, एचआईवी तथा हेपेटाइटिस समेत कई जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण किए गए।

जांच में चिन्हित उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों को विशेष निगरानी में रखने और समय पर इलाज कराने की सलाह दी गई, ताकि प्रसव के दौरान किसी प्रकार की जटिलता से बचा जा सके।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रमणी विमल ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। समय-समय पर जांच होने से मां और शिशु दोनों की स्थिति पर नजर रखी जा सकती है तथा किसी भी खतरे की पहचान पहले ही हो जाती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

स्वास्थ्यकर्मियों ने शिविर में पहुंची महिलाओं को संतुलित आहार लेने, आयरन और कैल्शियम की गोलियों का नियमित सेवन करने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। इसके अलावा प्रसव के लिए सरकारी अस्पतालों का चयन करने और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में एलटी अमरेंद्र कुमार, अंतु सिंह, एएनएम समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र की महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी।

