प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने बेटी को बनाया बंधक, छुड़ाने गई पुलिस टीम पर हमला, पांच गिरफ्तार
नया भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर उपजा पारिवारिक विवाद उस समय गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया, जब एक युवती को उसके ही परिजनों द्वारा कथित तौर पर घर में बंधक बनाकर प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया।

__ हत्या की आशंका पर देर रात छापेमारी, प्रेमी सह पति का भी मायके वालों ने फोड़ा सर, माता-पिता समेत पांच गिरफ्तार
केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर उपजा पारिवारिक विवाद उस समय गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया, जब एक युवती को उसके ही परिजनों द्वारा कथित तौर पर घर में बंधक बनाकर प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवती को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया, जबकि उसके माता-पिता और तीन भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।जानकारी के अनुसार नया भोजपुर थाना क्षेत्र की एक बालिग युवती ने इसी वर्ष फरवरी माह में कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ कोर्ट मैरिज की थी। विवाह के बाद दोनों साथ रह रहे थे। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व युवती के परिजन उसे सामाजिक रीति-रिवाज से शादी कराने का भरोसा देकर वापस अपने घर ले आए।

युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घर लौटने के बाद उसके साथ व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उसे घर में बंद कर दिया गया तथा पिछले करीब दस दिनों से लगातार मारपीट की जा रही थी। इतना ही नहीं, उसे ठीक से भोजन भी नहीं दिया जा रहा था। युवती ने अपने माता-पिता और भाइयों पर आरोप लगाया कि वे उसके प्रेम विवाह से नाराज थे और उसकी तथा उसके पति की हत्या की योजना बना रहे थे।इधर, पत्नी से संपर्क नहीं होने और प्रताड़ना की जानकारी मिलने पर युवक अपनी पत्नी के घर पहुंचा। वहां उसके साथ मारपीट की गई और सिर फोड़ दिया गया। घायल युवक ने तत्काल नया भोजपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद गश्ती दल मौके पर पहुंचा, लेकिन पहली बार पहुंची पुलिस टीम को भी विरोध का सामना करना पड़ा।

आरोप है कि युवती के परिजनों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ पोलस्त कुमार के निर्देशन में नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त जवानों के साथ दोबारा छापेमारी की गई। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने युवती के पिता हरिशंकर प्रसाद, मां संजू देवी तथा तीन भाइयों शुभम कुमार, विकास कुमार और विष्णु कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

पहली प्राथमिकी युवती के फर्द बयान पर, दूसरी घायल युवक के बयान पर तथा तीसरी पुलिस टीम के साथ हाथापाई और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में दर्ज की गई है।युवती ने पुलिस के समक्ष स्पष्ट रूप से अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई है। इसके बाद पुलिस ने दोनों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए हैं। वहीं युवक ने भी अपनी पत्नी के परिजनों पर जान से मारने की कोशिश, मारपीट और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर साक्ष्य जुटा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि समय रहते हस्तक्षेप नहीं होता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

