बैंक में फॉर्म भरने के बहाने बुजुर्ग महिला से 36 हजार की ठगी, युवक फरार

स्थानीय शहर के बैंक ऑफ इंडिया शाखा में सोमवार को रुपये जमा करने पहुंची एक बुजुर्ग महिला को फॉर्म भरने के बहाने एक युवक ने 36 हजार रुपये का चूना लगा दिया। घटना के बाद बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान में जुट गई है।

बैंक में फॉर्म भरने के बहाने बुजुर्ग महिला से 36 हजार की ठगी, युवक फरार

केटी न्यूज/डुमरांव

स्थानीय शहर के बैंक ऑफ इंडिया शाखा में सोमवार को रुपये जमा करने पहुंची एक बुजुर्ग महिला को फॉर्म भरने के बहाने एक युवक ने 36 हजार रुपये का चूना लगा दिया। घटना के बाद बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान में जुट गई है।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कसियां गांव निवासी स्व. समशुद्दीन की पत्नी नैमुन निशा सोमवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 44 हजार रुपये निकालकर बैंक ऑफ इंडिया में राशि जमा करने पहुंची थीं। बुजुर्ग महिला ने बैंक में तैनात सुरक्षा गार्ड से जमा फॉर्म भरने में मदद मांगी। आरोप है कि गार्ड ने खुद फॉर्म भरने के बजाय किसी दूसरे व्यक्ति से फॉर्म भरवाने की बात कहकर उन्हें टाल दिया।

इसके बाद महिला ने बैंक में मौजूद एक युवक से फॉर्म भरने का आग्रह किया। युवक ने मदद करने के बहाने महिला से बातचीत शुरू की। इसी दौरान उसने रुपये का चेंज कराने की बात कहकर महिला को अपने झांसे में ले लिया और 36 हजार रुपये लेकर मौका मिलते ही बैंक परिसर से फरार हो गया।कुछ देर बाद महिला को रुपये गायब होने का एहसास हुआ तो उन्होंने बैंक में इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह डुमरांव थाना पहुंचीं और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पीड़िता के बयान पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने बैंक परिसर में संदिग्ध गतिविधियों और आरोपी के आने-जाने के रास्ते की भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।