
केटी न्यूज/डुमरांव

स्थानीय अनुमंडल अस्पताल डुमरांव में मंगलवार को मातृत्व एवं नवजात शिशु सुरक्षा इकाई (एमएनसीयू) का उद्घाटन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया। इस नई स्वास्थ्य सेवा इकाई के शुभारंभ के साथ ही अब माताओं और नवजात शिशुओं को बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।

हालांकि फिलहाल इस सेवा की शुरुआत आम जनता के लिए थोड़ी देर में होगी, लेकिन इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। इस एमएनसीयू वार्ड को पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। कुल 20 बेड की इस इकाई में 10 बेड नवजात शिशुओं के लिए और 10 बेड माताओं के लिए अलग-अलग आरक्षित किए गए हैं। यहां आईसीयू, ऑक्सीजन सपोर्ट समेत कई अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाए गए हैं।

इससे अब गंभीर स्थिति में जन्म लेने वाले शिशुओं को बाहर रेफर करने की आवश्यकता नहीं होगी। इस अवसर पर अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि यह एमएनसीयू यूनिट पूरे अनुमंडल क्षेत्र में पहली और एकमात्र सुविधा है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब डुमरांव और आसपास के ग्रामीण इलाकों की माताओं और नवजात शिशुओं को पटना, बक्सर या आरा जैसे बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस इकाई के सुचारु संचालन के लिए चार शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है। साथ ही देखरेख और उपचार के लिए 10 जीएनएम की भी प्रतिनियुक्ति होगी। इससे सेवा और निगरानी की गुणवत्ता में काफी सुधार होगा।कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुमित सौरभ, डॉ. श्रुति कुमारी, डॉ. प्रेमा कुमारी, डॉ. शिवकुमार चौधरी, अस्पताल प्रबंधक अफरोज आलम,

फार्मासिस्ट संतोष कुमार, समाजसेवी अजय राय, जीएनएम सोनू कुमारी और उमा कुमारी सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद थे।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।