महेंद्रगढ़ में स्कूल बस पलटने के हादसे पर पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है।

महेंद्रगढ़ में स्कूल बस पलटने के हादसे पर पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने जताया दुख
School Bus Accident

केटी न्यूज़/दिल्ली

महेंद्रगढ़ के कनीना के गांव उन्हानी के पास स्कूल बस पलटने से भीषण सड़क हादसा हो गया।इस भीषण हादसे में 6 बच्चों की मौत हो गई और 15 गंभीर रूप से घायल हो गए।महेंद्रगढ़ में स्कूल बस पलटने से हड़कंप मच गया है।हादसे का कारण वाहन को ओवरटेक करना बताया जा रहा है।

एक निजी स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से घायल हुए एक छात्र का कहना है कि ड्राइवर नशे में था और उसने स्पीड 120 कर रखी थी, जिससे संतुलन बिगड़ गया और ये बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार हादसे में पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के भांजे पूर्व सरपंच संजय शर्मा के पुत्र का भी निधन हुआ है।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने बच्चों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्कूल बस दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिजनों को यह क्रूर आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

पूर्व सीएम दुष्यंत चौटाला ने भी एक्स पर पोस्ट कर कहा कि महेंद्रगढ़ के उन्हानी गांव में स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार मिला है। जिसमें बच्चों के निधन और कुछ बच्चों के घायल होने की हृदय विदारक सूचना है।ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि मृतक बच्चों की आत्मा को शान्ति प्रदान करें और घायलों को जल्द स्वस्थ करें। भगवान से प्रार्थना है कि बच्चों के परिवार को ये अपार पीड़ा सहने की शक्ति दें।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में स्कूल बस का दुर्घटनाग्रस्त होना बेहद दुःखद है। मेरी संवेदनाएं मृतक बच्चों के शोक संतप्त परिजनों के साथ है। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन के द्वारा घायल बच्चों को सहायता पहुंचाई जा रही है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि महेंद्रगढ़ के कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से आहत हूं। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने मासूम बच्चे खोए हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए मुस्तैद है।सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो.रामबिलास शर्मा कनीना स्कूल बस दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों का हाल-चाल जानने के लिए अस्पताल में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों  को सांत्वना दी।