नीतीश कुमार ने 75 अभ्यर्थियों को सौंपा नियोजन-पत्र, अधिकारियों को दिया डेडलाइन

बिहार की नीतीश सरकार अब लोकसभा चुनाव 2024 के समापन के बाद एक्शन में आ गयी है।

नीतीश कुमार ने 75 अभ्यर्थियों को सौंपा नियोजन-पत्र, अधिकारियों को दिया डेडलाइन
Nitish kumar

केटी न्यूज़/पटना

बिहार की नीतीश सरकार अब लोकसभा चुनाव 2024 के समापन के बाद एक्शन में आ गयी है।बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अन्तर्गत 9 हजार 8 सौ 88 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया, जिसमें 353 विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, 758 विशेष सर्वेक्षण कानूनगो, 742 विशेष सर्वेक्षण लिपिक एवं 8,035 विशेष सर्वेक्षण अमीन शामिल हैं।यानी कि एकबार फिर नौकरी का पिटारा खुल गया है। 

नीतीश कुमार ने खुद अपने हाथों से अमीन और कानूनगो समेत अन्य पदों पर नियुक्त हुए कर्मियों को जॉइनिंग लेटर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जमीन का झगड़ा आपस में होता रहता है और ये लंबे समय से चलता आ रहा है। साल 2005 से हमने करीब से देखा है, इस झगड़े में कई लोगों की जानें गई हैं, ये झगड़ा खत्म हो, इसके लिए हम शुरू से काम करते रहे। हमने विभागों को शुरू से निर्देशित किया है, काम में तेजी लाने के लिए हमने शुरू से अधिकारियों को कहा है। हालांकि, काम में थोड़ी देरी जरूरी हुई है लेकिन अब ठीक-ठाक चल रहा है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के नवनियुक्त 9 हजार 888 पदाधिकारियों और कर्मियों को नियुक्ति-पत्र बांटने के लिए मुख्य समारोह पटना स्थित सचिवालय के संवाद कक्ष में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से 20 तथा राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने 5 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान कुल 75 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया। बाकी अभ्यर्थियों को सभी जिलों में प्रभारी मंत्रियों द्वारा नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया।