शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई इंटरमीडिएट परीक्षा, पहले दिन कड़ी निगरानी में हुई परीक्षा

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देश पर सोमवार से जिले भर में इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा 2026 का शुभारंभ शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में हुआ। परीक्षा के पहले दिन प्रशासन की कड़ी निगरानी, दंडाधिकारियों की तैनाती और केंद्राधीक्षकों की सतर्कता के कारण सभी परीक्षा केंद्रों पर अनुशासित वातावरण देखने को मिला।

शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई इंटरमीडिएट परीक्षा, पहले दिन कड़ी निगरानी में हुई परीक्षा

__ जीव विज्ञान, दर्शन और अर्थशास्त्र की परीक्षा में 98 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित, निष्कासन शून्य

केटी न्यूज/बक्सर

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देश पर सोमवार से जिले भर में इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा 2026 का शुभारंभ शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में हुआ। परीक्षा के पहले दिन प्रशासन की कड़ी निगरानी, दंडाधिकारियों की तैनाती और केंद्राधीक्षकों की सतर्कता के कारण सभी परीक्षा केंद्रों पर अनुशासित वातावरण देखने को मिला।जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में जीव विज्ञान एवं दार्शनिक विषय की परीक्षा आयोजित की गई। इस पाली में कुल 5349 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5251 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 98 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।

उल्लेखनीय बात यह रही कि प्रथम पाली में किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया।वहीं द्वितीय पाली में अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा संपन्न हुई। इस पाली में कुल 847 परीक्षार्थी नामांकित थे, जिनमें से 831 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 16 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में भी किसी प्रकार की अनुशासनहीनता की सूचना नहीं मिली और निष्कासित परीक्षार्थियों की संख्या शून्य रही।परीक्षा को निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं उड़नदस्ता की तैनाती की गई थी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी की जा रही थी।

प्रवेश द्वार पर सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया।जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के अनुसार बक्सर जिला अंतर्गत सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कहीं से भी कदाचार, हंगामा या अव्यवस्था की कोई सूचना नहीं मिली। प्रशासनिक अधिकारियों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी दिनों में भी इसी तरह कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।परीक्षा के पहले दिन की सफलता से छात्रों, अभिभावकों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।