कपड़े सुखाने के दौरान छत से गिरने से गर्भवती महिला की मौत

कपड़े सुखाने के दौरान छत से गिरने से गर्भवती महिला की मौत

- इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान तोड़ा दम

केटी न्यूज/आरा

जिले के गीधा ओपी क्षेत्र के कायमनगर गांव में बुधवार की शाम छत से गिरकर 22 वर्षीया एक महिला की मौत हो गयी। इलाज के लिए आरा अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना को लेकर देर तक अफरातफरी मची रही। मृतका कायमनगर गांव निवासी रामसूरत बिंद की पत्नी चंपा देवी थी। 

मृतका के पति राम सूरत बिंद ने बताया कि बुधवार की शाम वह छत पर कपड़ा डालने गई थी। वह रेलिंग के पास कपड़ा पसार रही थी। अचानक रेलिंग टूटकर गिर गई। उससे रेलिंग सहित वह छत से नीचे गिर पड़ी और गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। वहां डाक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराये शव लेकर चले गए। बताया जा रहा है कि महिला की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी। उसे सिर्फ एक दो वर्ष की पुत्री शिवानी है। घटना के बाद उसके घर में रोना-धोना मच गया है।