शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई शिक्षा विकास अधिकारी परीक्षा की प्रथम पाली

जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के अनुसार बक्सर जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार को शिक्षा विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके कारण परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुव्यवस्थित रही।

शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई शिक्षा विकास अधिकारी परीक्षा की प्रथम पाली

केटी न्यूज/बक्सर

जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के अनुसार बक्सर जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार को शिक्षा विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके कारण परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुव्यवस्थित रही।प्रथम पाली में सामान्य योग्यता विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 9,060 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। इनमें से 3,317 परीक्षार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 5,843 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

जिला प्रशासन के अनुसार किसी भी परीक्षा केंद्र से निष्कासन की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। इससे स्पष्ट है कि परीक्षा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।परीक्षा के दौरान केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। वहीं, नियंत्रण कक्ष से लगातार सभी केंद्रों की निगरानी की जाती रही।जिला प्रशासन ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों से परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न होने की सूचना प्राप्त हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए केंद्राधीक्षकों, कर्मियों एवं सुरक्षा बलों की सराहना की है।