नशे के खिलाफ बक्सर में बजेगा जागरूकता का बिगुल, 30 दिनों तक चलेगा अभियान

नशे के खिलाफ जनचेतना जगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए बक्सर जिले में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। नशामुक्त बिहार अभियान के तहत 27 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में सघन जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नशे के खिलाफ बक्सर में बजेगा जागरूकता का बिगुल, 30 दिनों तक चलेगा अभियान

__ 27 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांवों से शहरों तक गूंजेगा नशामुक्ति का संदेश, स्कूलों में जागरूकता, पंचायतों में रैली और शपथ कार्यक्रमों से लोगों को जोड़ने की तैयारी

केटी न्यूज/बक्सर।

नशे के खिलाफ जनचेतना जगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए बक्सर जिले में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। नशामुक्त बिहार अभियान के तहत 27 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में सघन जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को महज सरकारी कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय जन आंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी है, ताकि युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी से नशामुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सके।

इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में डीएम साहिला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान की रूपरेखा के अनुरूप आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ने पर जोर दिया गया।

__ मुख्यमंत्री करेंगे अभियान का शुभारंभ

बैठक में बताया गया कि अभियान का शुभारंभ 27 अक्टूबर को पटना स्थित अधिवेशन भवन से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया जाएगा। इसके बाद बक्सर जिले में भी विभिन्न स्तरों पर जागरूकता गतिविधियां संचालित होंगी। प्रशासन का जोर नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों से लोगों को अवगत कराने के साथ उन्हें नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने पर रहेगा।

__ स्कूलों से पंचायतों तक चलेगा जागरूकता अभियान

अभियान के दौरान विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के नुकसान बताए जाएंगे। विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण, परिचर्चा और अन्य जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंचायतों, नगर निकायों और वार्ड स्तर पर भी लोगों को अभियान से जोड़ने की योजना है। पोस्टर, बैनर और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए नशामुक्ति का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा।डीएम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संगठनों और संबंधित संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही युवाओं और महिलाओं को अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का निर्देश दिया, ताकि नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना मजबूत हो सके।

__ नशामुक्त समाज के लिए सामूहिक पहल जरूरी

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार की खुशहाली, आर्थिक स्थिति और सामाजिक समरसता को भी प्रभावित करता है। ऐसे में नशामुक्त समाज का निर्माण प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन की कोशिश है कि इस अभियान के माध्यम से लोगों में जागरूकता बढ़े और वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।