छह साल पहले रहस्यमयी ढंग से लापता किशोरी बरामद, बन चुकी है दो बच्चों की मां
नया भोजपुर थाना क्षेत्र से वर्ष 2020 में रहस्यमय तरीके से गायब हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने आखिरकार बरामद कर लिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस किशोरी की तलाश पुलिस और परिजन वर्षों से कर रहे थे, वह अब बालिग हो चुकी है और दो बच्चों की मां भी बन गई है।


-- पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन से उसका पति सह आरोपित भी गिरफ्तार, पुलिस ने किया कोर्ट में प्रस्तुत
केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर थाना क्षेत्र से वर्ष 2020 में रहस्यमय तरीके से गायब हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने आखिरकार बरामद कर लिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस किशोरी की तलाश पुलिस और परिजन वर्षों से कर रहे थे, वह अब बालिग हो चुकी है और दो बच्चों की मां भी बन गई है।पुलिस ने इस मामले में पटना जिले के मसलामी टोला निवासी अली अफजल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब आरोपी युवती के साथ बेंगलुरु से लौट रहा था। नया भोजपुर थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन पर दोनों को दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार 4 जून 2020 की सुबह करीब साढ़े चार बजे किशोरी अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। छह दिन बाद उसकी की मां ने नया भोजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अज्ञात युवक पर शादी की नीयत से बेटी को भगाने का आरोप लगाया था। मामला पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया और पुलिस लगातार इसकी तह तक पहुंचने में जुटी रही।थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में अनुसंधानकर्ता सुमन कुमार ने पुराने कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए मामले की परतें खोलनी शुरू कीं।

जांच के दौरान अली अफजल का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।सूत्रों के अनुसार दोनों पिछले कई वर्षों से बेंगलुरु में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था या वह अपनी मर्जी से गई थी। इस मामले में युवती का न्यायालय में होने वाला 164 का बयान बेहद अहम माना जा रहा है।फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि युवती को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है। छह साल पुराने इस मामले के खुलासे के बाद इलाके में पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।

