नगर परिषद के रैन बसेरा में हुई वृद्ध की मौत, जांच में जुटी पुलिस
डुमरांव नगर परिषद कार्यालय के समीप स्थित रैन बसेरा में एक वृद्ध की अचानक मौत हो गई। घटना रविवार सुबह की है। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में ले उसकी पहचान करवाई। पहचान पूरी होने के बाद स्वजनों को सूचना दी गई।

- दो दिन पहले शहर में भटक रहा था वृद्ध, पुलिस ने रैन बसेरा में दिलाया था आसरा
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव नगर परिषद कार्यालय के समीप स्थित रैन बसेरा में एक वृद्ध की अचानक मौत हो गई। घटना रविवार सुबह की है। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में ले उसकी पहचान करवाई। पहचान पूरी होने के बाद स्वजनों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे तथा शव की शिनाख्त की। उसकी पहचान डुमरांव से सटे बन्हेजी डेरा गांव निवासी 71 वर्षीय भृगुनाथ चौधरी के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा उसे स्वजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पहले उक्त व्यक्ति शहर में भटक रहा था। इस दौरान वह अपना नाम पता भी नहीं बता पा रहा था। लोगों से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने उसे रैन बसेरा में रखवाया था, जहां रविवार की सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी तथा पलक झपकते ही उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही संचालक द्वारा डुमरांव थाना को इसकी सूचना दी गई।
प्रभारी थानाध्यक्ष संजीत शर्मा ने बताया कि रैन बसेरा में वृद्ध की मौत की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया गया। उन्होंने कहा कि शुरू में उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। तब उसकी तस्वीर को साइबर सेनानी गु्रप व सोसल मीडिया पर अपलोड किया गया, जिसके बाद उसकी शिनाख्त बन्हेजी डेरा के भृगुनाथ चौधरी के रूप में हुई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस इस मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।