भट्ठा पुल बना ‘शराब कॉरिडोर’: 301.89 लीटर विदेशी शराब जब्त, तस्कर अंधेरे में फरार

कोरानसराय थाना क्षेत्र का चौगाईं रोड स्थित चिमनी ईंट भट्ठा पुल एक बार फिर अवैध शराब कारोबार का बड़ा ट्रांजिट प्वाइंट बनकर सामने आया है। बुधवार की अहले सुबह पुलिस ने यहां से 301.89 लीटर विदेशी शराब बरामद कर तस्करी के एक बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर वाहन समेत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिससे संगठित नेटवर्क की आशंका और गहरा गई है।

भट्ठा पुल बना ‘शराब कॉरिडोर’: 301.89 लीटर विदेशी शराब जब्त, तस्कर अंधेरे में फरार

-- कोरानसराय पुलिस की तड़के कार्रवाई से मचा हड़कंप, संगठित नेटवर्क की आशंका तेज

केटी न्यूज/डुमरांव

कोरानसराय थाना क्षेत्र का चौगाईं रोड स्थित चिमनी ईंट भट्ठा पुल एक बार फिर अवैध शराब कारोबार का बड़ा ट्रांजिट प्वाइंट बनकर सामने आया है। बुधवार की अहले सुबह पुलिस ने यहां से 301.89 लीटर विदेशी शराब बरामद कर तस्करी के एक बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर वाहन समेत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिससे संगठित नेटवर्क की आशंका और गहरा गई है।गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की।

पुलिस की दबिश इतनी तेज थी कि तस्करों को माल छोड़कर भागना पड़ा। तलाशी के दौरान अलग-अलग पेटियों में छिपाकर रखी गई कुल 301.89 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इसमें 200 एमएल और 750 एमएल की विभिन्न ब्रांड की बोतलें शामिल हैं।सूत्रों की मानें तो भट्ठा पुल का इलाका पिछले कुछ समय से तस्करों के लिए ‘सेफ कॉरिडोर’ की तरह इस्तेमाल हो रहा था। सुनसान क्षेत्र और सुबह का समय चुनकर शराब की खेप खपाने की योजना बनाई गई थी। लेकिन पुलिस की सक्रियता ने इस बार उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी ने स्पष्ट कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। फरार तस्करों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है। संदिग्ध वाहन की भी तलाश जारी है। उन्होंने दो टूक कहा कि अवैध शराब कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।इस बड़ी बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप है। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा तेज है कि आखिर इतनी बड़ी खेप किसके संरक्षण में लाई जा रही थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और माना जा रहा है कि जल्द ही इस मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं।