बक्सर : सड़क दुर्घटनाओं में दो की दर्दनाक मौत, छह की हालत गंभीर

बक्सर : सड़क दुर्घटनाओं में दो की दर्दनाक मौत, छह की हालत गंभीर

_ टेढकी पुल के पास कार और टेंपो की जबर्दस्त टक्कर

_ कोरान सराय में दुग्ध वाहन ने बाइक में मारी टक्कर

केटी न्यूज/ डुमरांव

महज सात आठ घंटे के अंतराल में एनएच 120 पर हुई अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि आधा दर्जन लोग जख्मी हुए हैं। जख्मियों में कई की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ने से इंकार नहीं किया जा सकता है। पहली घटना डुमरांव शहर से एक किलोमीटर दूर स्थित टेढ़की पुल के पास शनिवार की देर रात हुई। यहा टेंपो और ऑल्टो कार की सीधी टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि टेंपो में सवार चालक समेत चार अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मियों को पुलिस ने इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की टेंपो दो हिस्से में बंट गया जबकि कार के भी परखच्चे उड़ गए थे। मृतक सोनू राय उम्र 45 वर्ष पिता स्व सूर्यनाथ राय सिमरी थाना क्षेत्र के नगपुरा गांव का रहने वाला था। जबकि इसी गांव के गोपाल मिश्र, मोनू साह, आयुष गुप्ता और नितेश कुमार गंभीर रूप से जख्मी है। सभी आटो पर सवार हो एक मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इस दुर्घटना के बाद दोनो वाहन बीच सड़क पर पलट गए थे। जिस कारण घंटो परिचालन बाधित रहा। डुमरांव थानाध्यक्ष बिंदेश्वर राम ने इसकी पुष्टि की है। वही दूसरी घटना कोरान सराय थाना से मात्र 100 मीटर दूर दखिनाव डेरा के पास रविवार की सुबह सात बजे हुई।

जानकारी के अनुसार एक दुग्ध वाहन ने बाइक में धक्का मार दिया जिससे बाइक सवार दंपती जख्मी हो गए। स्थानीय पुलिस ने दोनों जख्मियों को तत्काल इलाज के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भोजपुर जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी 38 वर्षीय मुनजी पासवान के रूप में हुई है। जबकि उसकी पत्नी लीलावती देवी को आंशिक चोटे आई है। दुर्घटना के बाद पुलिस ने दूध ढोने वाले वाहन को जब्त करने के साथ ही चालक को गिरफ्तार कर लिया है। कोरान सराय के प्रभारी थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने इसकी पुष्टि की है।