कार सवार अपराधियों ने झगड़े के बाद ट्रक चालक को मारी गोली मौत

कार सवार अपराधियों ने झगड़े के बाद ट्रक चालक को मारी गोली मौत

सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस कर रही अपराधियों की पहचान 

केटीन्यूज/आरा

जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नयका टोला मोड़ के समीप बुधवार की सुबह कार सवार अपराधियों द्वारा महाराष्ट्र से बिहार के लिए निकले ट्रक चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। गोली उसके दाहिने कान के पास मारी गयी है।

इलाज के लिए रोहतास जिले के बिक्रमगंज स्थित निजी अस्पताल ले जाने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृत चालक मूल रूप से भोजपुर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण एकौना गांव निवासी दिनेश शाह उर्फ दसई साह का 29 वर्षीय पुत्र राकेश शाह था। वह कुछ सालों से महाराष्ट्र के रायगढ़ एफ 448 पेंधार नवादा सिकन्नल पेंधार घोट में अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रहता था।

वहीं पर अपना ट्रक चलाता था। हत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। वैसे परिजनों की ओर से बिहार के ही कुछ लोगों से पूर्व के विवाद में हत्या किये जाने का आरोप लगाया जा रहा है। पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गयी है। उसमें कुछ लोगों को कार से उतर कर चालक के साथ झगड़ा करते देखा जा रहा है। इधर, सरेआम हत्या की वारदात के बाद इलाके में सनसनी मच गयी। सूचना मिलने पर एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह और थानाध्यक्ष राज किशोर सिंह

पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। उस दौरान आसपास के लोगों और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस अपराधियों की पहचान करने को लेकर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बाद में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। उस दौरान उसकी शव से एक बुलेट बरामद किया गया है। चालक के पिता दिनेश साह उर्फ दसई साह ने बताया कि महाराष्ट्र में पूर्व में बिहार के रहने वाले कुछ लड़कों से किसी बात को लेकर राकेश का झगड़ा हुआ था। उसी को लेकर उन लड़कों से उसका विवाद चल रहा है। सोमवार को उसने अपने पत्नी से ट्रक लोड कर बिहार जाने की बात कह महाराष्ट्र स्थित घर से निकला था। जबकि उसका ट्रक महाराष्ट्र में खड़ा है। इस बीच बुधवार की सुबह नयका टोला मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर के समीप उसकी  गोली मारकर हत्या कर दी गई।

आरा के बदले एंबुलेंस से चालक को भेज दिया गया बिक्रमगंज

बताया जा रहा है कि कार पर सवार अपराधियों द्वारा चालक को गोली मारे जाने के समय बिक्रमगंज के एक निजी हॉस्पिटल का एक एंबुलेंस कुछ दूरी पर खड़ा था। गोली लगने के बाद कुछ लोगों द्वारा उसे इलाज के लिए एंबुलेंस पर लिए आरा ले जाने को कहा गया। लेकिन एंबुलेंस चालक उसे बिक्रमगंज लेकर चला गया। वहां इसे मृत घोषित कर दिया गया। चालक के पिता दिनेश साह उर्फ दशई साह ने बताया कि उसे सूचना मिली कि नयका टोला के पास उनके बेटे को गोली मारी गयी है

और इलाज के लिए जगदीशपुर के दुलौर अस्पताल ले जाया जा रहा है। उस पर वह तत्काल दुलौर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं था। कुछ देर बाद पीरो रोड में एंबुलेंस चालक से भेंट हुई और उन्होंने देखा कि उनका बेटा मृत अवस्था में एंबुलेंस में पड़ा है। दिनेश साह उर्फ दसई साह ने बिहार के ही कुछ लड़कों पर पूर्व में झगड़े को लेकर अपने बेटे की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। 

पत्नी बोली: अवैध संबंध का आरोप लगा गड़हा गांव के लड़कों ने की थी मारपीट 

इधर, चालक की पत्नी पूनम देवी ने बताया कि तीन दिन पूर्व उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गड़हा गांव के एक व्यक्ति अन्य लोगों के साथ महाराष्ट्र आये थे और उनके पति के साथ मारपीट की थी। उनका उक्त कहना था कि उसके पति का उनकी पत्नी से बात करते हो। उनके द्वारा कहा जा रहा था कि उसकी पत्नी से उनके पति का अवैध संबंध है। हालांकि उसे दिन बात खत्म हो गई थी। सोमवार को उनके पति ने कहा कि ट्रक लोड कर तीन दिन के लिए बाहर जा रहे हैं। उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। बुधवार की सुबह उन्हें सूचना मिली के उनके पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। 

बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि चालक चार भाई और तीन बहनों में बड़ा था। उसके परिवार में मां शोभा देवी,पत्नी पूनम देवी, पुत्र राज कुमार और पुत्री आंचल कुमारी है। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है। मां शोभा देवी और पत्नी पूनम देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रो कर  हाल है।