शपथ निभाने मोकामा पहुंचे ददन यादव, दिवंगत दुलारचंद के परिजनों से बोले, न्याय दिलाना अब मेरी जिम्मेदारी

डुमरांव के पूर्व विधायक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री ददन यादव ने अपने चुनावी वादे को निभाते हुए शनिवार को मोकामा पहुंचकर दिवंगत सामाजिक कार्यकर्ता दुलारचंद यादव को श्रद्धांजलि दी। हाल ही में दुलारचंद की हुई हत्या से क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों की लहर है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय रहे दुलारचंद को ददन यादव ने “जीवन यात्रा के सच्चे साथी” के रूप में याद किया।

शपथ निभाने मोकामा पहुंचे ददन यादव, दिवंगत दुलारचंद के परिजनों से बोले, न्याय दिलाना अब मेरी जिम्मेदारी

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव के पूर्व विधायक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री ददन यादव ने अपने चुनावी वादे को निभाते हुए शनिवार को मोकामा पहुंचकर दिवंगत सामाजिक कार्यकर्ता दुलारचंद यादव को श्रद्धांजलि दी। हाल ही में दुलारचंद की हुई हत्या से क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों की लहर है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय रहे दुलारचंद को ददन यादव ने “जीवन यात्रा के सच्चे साथी” के रूप में याद किया।

चुनाव व्यस्तता के कारण मृत्यु उपरांत तुरंत नहीं पहुंच पाने की कसक पूर्व विधायक के शब्दों में साफ झलकी। उन्होंने कहा कि दुलारचंद न सिर्फ राजनीतिक सहयोगी थे, बल्कि हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले भरोसेमंद मित्र भी थे। मोकामा स्थित उनके आवास पर पहुंचकर ददन यादव ने चित्र पर पुष्प अर्पित किया, परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की इस घड़ी में पूरा साथ देने का भरोसा दिलाया।ददन यादव ने कहा कि वर्षों के साथ-साथ से जुड़ी स्मृतियां आज मन को झकझोर दे रही हैं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि “दुलारचंद की हत्या सिर्फ एक परिवार का नुकसान नहीं, समाज का अपूरणीय क्षति है। दोषियों को सजा दिलाने के लिए मैं हर संभव कदम उठाऊंगा। न्याय दिलाना अब मेरी जिम्मेदारी है।’’

स्थानीय लोगों ने भी पूर्व विधायक के इस दौरे को संवेदनाओं और जिम्मेदारी से भरा कदम बताया। ग्रामीणों ने कहा कि यह घटना पूरे इलाके को हिलाकर रख देने वाली है और इसके दोषियों पर जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। दुलारचंद की सामाजिक सक्रियता, व्यापक जनसंपर्क और लोगों की मदद के लिए तत्परता को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

ददन यादव ने आश्वासन दिया कि न्यायिक प्रक्रिया को तेज करने में उनका हर संभव सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दुलारचंद जैसे जुझारू और समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व की कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन उनके सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी अब समाज की है।मौके पर स्थानीय नेताओं, ग्रामीणों और समर्थकों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय के लिए अपनी आवाज बुलंद की।