चौसा में रोजगार का द्वार खुला, चयनित युवाओं के हाथों में पहुंचे नियुक्ति पत्र

ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में शुक्रवार को चौसा में आयोजित एसआईएस लिमिटेड के भर्ती शिविर ने कई युवाओं के सपनों को नई उड़ान दी। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने विभिन्न पदों के लिए अपनी योग्यता का प्रदर्शन किया, जिसमें चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 34 युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

चौसा में रोजगार का द्वार खुला, चयनित युवाओं के हाथों में पहुंचे नियुक्ति पत्र

— एसआईएस भर्ती शिविर में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने आजमाई किस्मत, 34 युवाओं का हुआ चयन

केटी न्यूज/चौसा

ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में शुक्रवार को चौसा में आयोजित एसआईएस लिमिटेड के भर्ती शिविर ने कई युवाओं के सपनों को नई उड़ान दी। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने विभिन्न पदों के लिए अपनी योग्यता का प्रदर्शन किया, जिसमें चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 34 युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।भर्ती शिविर में सुबह से ही युवाओं की भीड़ देखने को मिली। रोजगार की तलाश में पहुंचे अभ्यर्थियों ने निर्धारित मानकों के अनुसार शारीरिक दक्षता, दस्तावेज सत्यापन एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। चयनित युवाओं में सुरक्षा गार्ड, सुरक्षा सुपरवाइजर, एसएलवी एवं जीटीओ पदों के अभ्यर्थी शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा गार्ड के 22, सुरक्षा सुपरवाइजर के तीन, एसएलवी के पांच तथा जीटीओ पद के चार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।शिविर में मौजूद एसआईएस के प्रतिनिधि सुबोध कुमार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति से पहले एक माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सुरक्षा प्रबंधन, कार्यस्थल अनुशासन, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और व्यावसायिक दक्षता से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें देश के विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तैनात किया जाएगा।उन्होंने बताया कि राज्य के भीतर कार्यरत कर्मियों को 16 हजार से 26 हजार रुपये तथा राज्य के बाहर तैनाती पाने वाले कर्मियों को 18 हजार से 32 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।

इससे युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य सह अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए कहा कि ऐसे रोजगार शिविर ग्रामीण युवाओं को घर के निकट रोजगार संबंधी जानकारी और अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा कार्यस्थल पर अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की। भर्ती शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह का माहौल देखा गया।