महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में आज होगा सम्मान समारोह व संगोष्ठी
महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के तत्वावधान में मंगलवार को मानस सभागार में भव्य शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों का पुरस्कार वितरण समारोह तथा “बदलते वैश्विक परिवेश में युवा वर्ग की महत्वाकांक्षा” विषय पर संगोष्ठी आयोजित होगी।
__ क्विज विजेताओं को सांसद सुधाकर सिंह करेंगे सम्मानित, युवाओं की महत्वाकांक्षा पर होगा मंथन
केटी न्यूज/बक्सर
महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के तत्वावधान में मंगलवार को मानस सभागार में भव्य शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों का पुरस्कार वितरण समारोह तथा “बदलते वैश्विक परिवेश में युवा वर्ग की महत्वाकांक्षा” विषय पर संगोष्ठी आयोजित होगी।समारोह के मुख्य अतिथि बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह होंगे, जो अपने करकमलों से क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के पूर्व स्नातकोत्तर हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. मृत्युंजय सिंह उपस्थित रहेंगे।

महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना तथा बदलते समय में युवाओं की सोच, आकांक्षाओं और चुनौतियों पर सार्थक चर्चा करना है। संगोष्ठी में शिक्षा, रोजगार, तकनीक, सामाजिक बदलाव और करियर के नए अवसरों जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।क्विज प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। स्नातकोत्तर इतिहास विभाग में रक्षा कुमारी प्रथम, अंकित कुमार द्वितीय और निशु कुमारी तृतीय रहीं। संस्कृत विभाग में आशा कुमारी भारती प्रथम, तारा कुमारी द्वितीय तथा रक्षा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। राजनीति विज्ञान में अंकित कुमार प्रथम, शुभम कुमार द्वितीय और लक्ष्मी कुमारी तृतीय रहीं।

मनोविज्ञान विभाग में मोहित कुमार, हिंदी विभाग में विकास कुमार, अर्थशास्त्र विभाग में रक्षा कुमारी, भौतिक विज्ञान में सोनी कुमारी, रसायनशास्त्र में सौरभ पाण्डेय तथा गणित विज्ञान में शुभम कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं जन्तु विज्ञान में मनोरंजन भारती, वनस्पति विज्ञान में प्रेम शाला कुमारी, अंग्रेजी विभाग में दुबे अंजलि, दर्शनशास्त्र में अर्चना कुमारी, बीसीए में समिर तिवारी तथा बीबीए में स्वेता कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया।महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम में सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं यादगार अवसर साबित होगा।

