निर्माणाधीन आरओबी पर जल्दबाजी बनी धंसाव की वजह, संवेदक पर होगी प्राथमिकी
बक्सर-बरूणा रेलवे स्टेशन के बीच स्थित समपार संख्या-70बी पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के पहुंच पथ में हुए धंसाव को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पुल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है। धंसाव निर्माणाधीन हिस्से में हुआ है और इसका पुल की मजबूती पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है। मामले में संवेदक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


__ बिना विधिवत चालू किए शुरू हुआ आवागमन, जांच के बाद ही दोबारा खुलेगा पुल
केटी न्यूज/बक्सर :
बक्सर-बरूणा रेलवे स्टेशन के बीच स्थित समपार संख्या-70बी पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के पहुंच पथ में हुए धंसाव को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पुल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है। धंसाव निर्माणाधीन हिस्से में हुआ है और इसका पुल की मजबूती पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है। मामले में संवेदक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से बताया कि संबंधित रेलवे ओवरब्रिज का पहुंच पथ निर्माण कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ था और इसे विधिवत रूप से चालू भी नहीं किया गया था।

निर्माण कार्य के दौरान पुल के विस्तार जोड़ के समीप कंक्रीट के एक हिस्से में क्षति उत्पन्न हो गई थी, जिसके कारण वहां आंशिक धंसाव की स्थिति बनी थी।प्रशासन के अनुसार तकनीकी मानकों के तहत क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के बाद उसे पर्याप्त समय तक मजबूत होने के लिए छोड़ना आवश्यक था, ताकि निर्माण सामग्री पूरी तरह से अपनी निर्धारित क्षमता प्राप्त कर सके। लेकिन यह अवधि पूरी होने से पहले ही रेलवे प्रशासन ने समपार मार्ग पर आवागमन बंद कर निर्माणाधीन ओवरब्रिज से वाहनों का संचालन शुरू करा दिया।अधिकारियों ने बताया कि समय से पहले यातायात शुरू होने के कारण विस्तार जोड़ के निकट अतिरिक्त दबाव पड़ा, जिससे वहां और अधिक धंसाव हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल आवश्यक कदम उठाए गए।फिलहाल रेलवे प्रशासन द्वारा निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। आम लोगों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुराने समपार फाटक को फिर से खोल दिया गया है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित एजेंसियों द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से की तकनीकी जांच और मरम्मत कार्य किया जा रहा है। पुल की सुरक्षा और तकनीकी गुणवत्ता पूरी तरह संतोषजनक पाए जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा दोबारा यातायात शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि रेलवे प्रशासन द्वारा बिना किसी आधिकारिक चालूकरण संबंधी सूचना के स्वयं संज्ञान लेते हुए पुल पर यातायात शुरू कराया गया था। वहीं जिला प्रशासन पहले से ही इस परियोजना की निगरानी कर रहा था। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। तकनीकी विभागों की बैठकों में भी लंबित कार्यों को नियमानुसार पूरा करने तथा तकनीकी अवयवों की जांच कराने के निर्देश लगातार दिए जाते रहे हैं। इस संबंध में 27 अप्रैल और 13 मई को भी प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई थी।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि 13 अप्रैल को भी इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। ताजा स्थिति को देखते हुए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता से पुनः स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही निर्माण एजेंसी के विरुद्ध बक्सर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने कहा कि दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
