विश्व पर्यावरण दिवस पर भारत प्लस इथेनॉल में 251 पौधों का रोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नावानगर स्थित भारत प्लस इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड परिसर में गुरुवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कंपनी के सीएमडी अजय सिंह ने किया। इस दौरान परिसर में कुल 251 पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

--सीएमडी अजय सिंह ने दिया हरित विकास का संदेश, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
केटी न्यूज/नावानगर
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नावानगर स्थित भारत प्लस इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड परिसर में गुरुवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कंपनी के सीएमडी अजय सिंह ने किया। इस दौरान परिसर में कुल 251 पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सीएमडी अजय सिंह द्वारा पौधारोपण कर की गई। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। पेड़ न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण भी सुनिश्चित करते हैं।

उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।वृक्षारोपण अभियान में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। परिसर में छायादार, फलदार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इसी सोच के तहत कंपनी द्वारा समय-समय पर सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है। कार्यक्रम के अंत में पौधों की नियमित देखरेख और उन्हें संरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

