होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं: कृष्णाब्रह्म पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी
होली पर्व को लेकर कृष्णाब्रह्म थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में इस बार सख्ती और सतर्कता का स्पष्ट संदेश दिया गया। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष रवि कुमार ने की, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रशासन ने साफ कर दिया कि रंगों के इस पर्व में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
होली पर्व को लेकर कृष्णाब्रह्म थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में इस बार सख्ती और सतर्कता का स्पष्ट संदेश दिया गया। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष रवि कुमार ने की, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रशासन ने साफ कर दिया कि रंगों के इस पर्व में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।थानाध्यक्ष रवि कुमार ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। कुछ असामाजिक तत्वों के कारण त्योहार की छवि धूमिल न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।बैठक में विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, गश्त बढ़ाने और शराब के अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखने की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, डीजे पर अश्लील गानों या किसी भी प्रकार की उकसावे वाली हरकत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को भी चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से संयम बरतने और परंपरागत तरीके से सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण होली मनाने की अपील की।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। सभी ने एक स्वर में कहा कि कृष्णाब्रह्म में होली सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाई जाएगी और किसी भी तरह की अव्यवस्था को मिलकर रोका जाएगा।

