ब्रह्मपुर सीएचसी के विस्तार की उम्मीद जगी, स्वास्थ्य विभाग के पाले में गेंद

रघुनाथपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ब्रह्मपुर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद अब बढ़ गई है। अस्पताल में स्थायी महिला चिकित्सक की नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा, इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर की स्थापना और आवश्यक आपातकालीन संसाधन उपलब्ध कराने की मांग पर स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लिया है।

ब्रह्मपुर सीएचसी के विस्तार की उम्मीद जगी, स्वास्थ्य विभाग के पाले में गेंद

__ स्थायी महिला डॉक्टर, अल्ट्रासाउंड व ट्रॉमा सेंटर की मांग पर सीएस ने पटना भेजा प्रस्ताव, 17 पंचायतों के लोगों को मिल सकता है लाभ

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।

रघुनाथपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ब्रह्मपुर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद अब बढ़ गई है। अस्पताल में स्थायी महिला चिकित्सक की नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा, इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर की स्थापना और आवश्यक आपातकालीन संसाधन उपलब्ध कराने की मांग पर स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लिया है। जिला स्तर पर प्राप्त आवेदन को अब राज्य स्वास्थ्य विभाग, पटना के पास आवश्यक निर्णय के लिए भेज दिया गया है।सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश कुमार ओझा की ओर से की गई मांग के बाद बक्सर के सिविल सर्जन कार्यालय ने इस मामले में कार्रवाई की है। सिविल सर्जन ने पत्रांक 4032, दिनांक 06 अगस्त 2026 के माध्यम से बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के सचिव को पत्र भेजकर मामले को विभागीय स्तर पर निर्णय के लिए अग्रसारित किया है।

पत्र में सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदन संख्या आरईएफ 687214 और आरईएफ 687216 का भी उल्लेख किया गया है।सीएस कार्यालय के पत्र के अनुसार, सीएचसी ब्रह्मपुर में स्थायी महिला चिकित्सक, अल्ट्रासाउंड, इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर समेत अन्य जरूरी आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है। चूंकि इन सुविधाओं से संबंधित निर्णय विभागीय स्तर पर लिया जाना है, इसलिए आवेदन को स्वास्थ्य विभाग को भेजा गया है। पत्र की प्रतिलिपि आवेदक को भी उपलब्ध कराई गई है।

__ 17 पंचायतों के लोगों को होगा सीधा फायदा

ब्रह्मपुर नगर पंचायत के अलावा प्रखंड की 17 पंचायतों और आसपास के सैकड़ों गांवों की बड़ी आबादी के लिए सीएचसी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। यहां सुविधाओं का विस्तार होने से मरीजों को सामान्य जांच से लेकर गंभीर परिस्थितियों में इलाज तक के लिए दूसरे शहरों की ओर कम निर्भर रहना पड़ेगा।महिला चिकित्सक की स्थायी तैनाती से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा परामर्श मिल सकेगा। वहीं अल्ट्रासाउंड की सुविधा विशेषकर गर्भवती महिलाओं के लिए काफी उपयोगी होगी। सड़क हादसों और अन्य आपात स्थितियों में ट्रॉमा सेंटर तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता मरीजों को समय पर उपचार दिलाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

__ अब राज्य स्तर पर फैसले का इंतजार

जिला स्तर से प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचने के बाद क्षेत्रवासियों की निगाह अब राज्य सरकार के निर्णय पर टिकी है। सुविधाओं को मंजूरी मिलने पर ब्रह्मपुर सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा विस्तार हो सकता है।