बायोमेट्रिक हाजिरी का आदेश रद्द करने की मांग पर स्वास्थ्यकर्मियों ने किया प्रदर्शन
बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर शनिवार को डुमरांव में स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के समक्ष प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद संघ की ओर से विभिन्न मांगों से संबंधित मांग पत्र भी सौंपा गया।

केटी न्यूज/डुमरांव।
बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर शनिवार को डुमरांव में स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के समक्ष प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद संघ की ओर से विभिन्न मांगों से संबंधित मांग पत्र भी सौंपा गया। प्रदर्शन की संयुक्त अध्यक्षता कुमारी सोनमति एवं कुमारी जुली राज ने की।सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष गायत्री कुमारी ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से कर्मचारियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, राज्य संघर्ष संयुक्त मंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिकों के श्रम का शोषण कर उनके जनवादी अधिकारों पर लगातार हमला कर रही है।

नीतियों को बाजारोन्मुखी बनाए जाने से रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं। उन्होंने श्रम कानूनों को मजदूर हितैषी बनाने के बजाय मालिक हितैषी बनाए जाने का आरोप लगाया।प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर कार्यरत महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एएनएम) की उपस्थिति और वेतन भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने पूर्व की तरह उपस्थिति पंजी के आधार पर वेतन भुगतान की व्यवस्था लागू करने तथा बायोमेट्रिक प्रणाली से उपस्थिति दर्ज कराने संबंधी सरकारी आदेश को रद्द करने की मांग की।

इसके अलावा सभी जिला कैडर के कर्मचारियों को जिला कैडर में ही बनाए रखने की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।सभा को बिनेश्वर प्रसाद, कृष्णा प्रसाद, अभिषेक कुमार श्रीवास्तव, चिंता कुमारी, सुमन प्रकाश समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

