थाना परिसर में सजी इफ्तार की महफिल, रोजेदारों के साथ पुलिस ने दिया भाईचारे का पैगाम
पवित्र रमजान माह के अवसर पर डुमरांव अनुमंडल के नया भोजपुर थाना परिसर में गुरुवार की शाम सामूहिक रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रोजेदारों के साथ स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन ने एक साथ बैठकर रोजा खोला और सामाजिक सौहार्द तथा भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के लोगों की भागीदारी ने गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी झलक पेश की।
__ नया भोजपुर थाने में सामूहिक रोजा इफ्तार, सभी समुदायों के लोगों ने मिलकर पेश की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल
केटी न्यूज/डुमरांव
पवित्र रमजान माह के अवसर पर डुमरांव अनुमंडल के नया भोजपुर थाना परिसर में गुरुवार की शाम सामूहिक रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रोजेदारों के साथ स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन ने एक साथ बैठकर रोजा खोला और सामाजिक सौहार्द तथा भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के लोगों की भागीदारी ने गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी झलक पेश की।इफ्तार के समय थाना परिसर का माहौल पूरी तरह सौहार्द और अपनत्व से भरा नजर आया। रोजेदारों ने दुआ के साथ रोजा खोला, वहीं उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी।

कार्यक्रम में शामिल लोगों ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी विश्वास को मजबूत करते हैं और विभिन्न समुदायों के बीच सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना संयम, त्याग और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता का संदेश जाता है और पुलिस तथा आम लोगों के बीच आपसी तालमेल भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस और जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।स्थानीय लोगों ने भी थाना परिसर में आयोजित इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि जब प्रशासन और आम लोग एक मंच पर आकर इस तरह के आयोजन करते हैं तो इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और सामाजिक समरसता को नई मजबूती मिलती है।

इफ्तार कार्यक्रम में पुराना भोजपुर के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि इस्लाम अंसारी, हाजी इकबाल, अनिल यादव, आयूब अंसारी, जितेंद्र कुमार, छोटेलाल, अमृत लाल, श्रीराम ठाकुर, मो. शाहिद और दिलीप कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।इस दौरान थानाध्यक्ष ने आगामी ईद पर्व को लेकर भी लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

