फर्जी 112 चालक बन पान दुकानदार से ठगी, जांच में जुटी पुलिस
प्रखंड के बैजनाथपुर डेरा भट्ठा पुल के समीप गुरूवार को ठगी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां दो युवकों ने खुद को बासुदेवा थाना से जुड़ी आपातकालीन सेवा डायल 112 का चालक व पुलिस स्टाफ बताकर पान दुकानदार से ठगी कर ली और फरार हो गए।
केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड के बैजनाथपुर डेरा भट्ठा पुल के समीप गुरूवार को ठगी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां दो युवकों ने खुद को बासुदेवा थाना से जुड़ी आपातकालीन सेवा डायल 112 का चालक व पुलिस स्टाफ बताकर पान दुकानदार से ठगी कर ली और फरार हो गए।पीड़ित दुकानदार बैजनाथपुर डेरा गांव निवासी टुनटुन सिंह भट्ठा पुल के पास पान की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि दो युवक बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक से दुकान पर पहुंचे और खुद को 112 सेवा से जुड़ा चालक बताते हुए कहा कि बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया है और उन्हें तत्काल पेट्रोल की जरूरत है।

पुलिसकर्मी जैसी भाषा और हाव-भाव के कारण दुकानदार को उनकी बातों पर भरोसा हो गया।इसी दौरान ठगों ने दुकानदार से दो लीटर पेट्रोल, 500 रुपये नकद और दो डिब्बा टॉफी ले ली। सामान लेने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने दुकानदार को सतर्क किया, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने बासुदेवा थाना को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू की। बासुदेवा थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और ठगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

