बलिया में बेटे ने पिता पर मां की हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

बलिया: चंद्रवार दुगौली के निवासी सुमंत गुप्ता ने 23 अप्रैल 2024 को नरही थाने में शिकायत दर्ज करवाई, जिसमें उन्होंने अपने पिता राजू गुप्ता पर अपनी मां कुमकुम देवी की हत्या का आरोप लगाया।

बलिया में बेटे ने पिता पर मां की हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने आरोपी को किया  गिरफ्तार

केटी न्यूज़। बलिया 

बलिया: चंद्रवार दुगौली के निवासी सुमंत गुप्ता ने 23 अप्रैल 2024 को नरही थाने में शिकायत दर्ज करवाई, जिसमें उन्होंने अपने पिता राजू गुप्ता पर अपनी मां कुमकुम देवी की हत्या का आरोप लगाया। सुमंत ने बताया कि वह पिछले दो महीने से अपनी पत्नी के साथ अपने ससुराल नरही थाना क्षेत्र के बसंतपुर में रह रहे थे। उनके पिता राजू गुप्ता और मां कुमकुम देवी पिछले 15 दिनों से लक्ष्मणपुर गांव में किराए के कमरे में रह रहे थे।

22 अप्रैल 2024 को, सुमंत की मां कुमकुम देवी उनके ससुराल बसंतपुर आईं। शाम को करीब साढ़े छह बजे, सुमंत के पिता राजू गुप्ता वहां आए और मां को साथ ले जाने की जिद करने लगे। चूंकि राजू गुप्ता शराब पीकर अक्सर कुमकुम देवी को मारते थे, इसलिए सुमंत और उनकी पत्नी ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन राजू गुप्ता नहीं माने और मां को ले गए।

रात करीब आठ बजे पता चला कि राजू गुप्ता ने मां से झगड़ते हुए लाठी-डंडा और ईंट से हमला किया, जिससे कुमकुम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। जब सुमंत मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनकी मां चोटिल होकर गिरी हुई थीं और सिर से खून बह रहा था। मां ने बताया कि राजू गुप्ता ने उन्हें बहुत मारा है। कुमकुम देवी को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान कुमकुम देवी की मौत हो गई।

इस मामले में नरही पुलिस ने सुमंत की शिकायत पर राजू गुप्ता के खिलाफ जान से मारने की कोशिश का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने राजू गुप्ता को पिपराकला से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।