केसठ में आकाशीय बिजली ने मचाई तबाही, कई घर क्षतिग्रस्त, लाखों की संपत्ति बर्बाद

केसठ में आकाशीय बिजली ने मचाई तबाही, कई घर क्षतिग्रस्त, लाखों की संपत्ति बर्बाद

केटी न्यूज/केसठ  

शुक्रवार की देर रात्रि हुई तेज गरज और मूसलाधार बारिश ने केसठ प्रखंड क्षेत्र में तबाही मचा दी। आकाशीय बिजली गिरने से कई परिवारों का घर उजड़ गया और लाखों की संपत्ति राख में तब्दील हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 1 बजे के आसपास अचानक गरज के साथ जोरदार बिजली गिरी, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सबसे अधिक नुकसान केसठ दक्षिण डेरा निवासी विंदेश्वरी यादव के घर पर हुआ। उनके मकान पर बिजली गिरने से तीन कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में घर के अंदर रखे करीब 10 से 12 क्विंटल चावल और गेहूं मलवे में दबकर खराब हो गए। गृहस्वामी विंदेश्वरी यादव ने बताया कि इस हादसे में लगभग चार लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।

इसी तरह केसठ नया बाजार के अर्जुन यादव के घर पर भी आकाशीय बिजली गिरी, हालांकि सौभाग्य से वहां कोई बड़ी क्षति नहीं हुई। वहीं, केसठ पुराना बाजार निवासी भोरिक यादव के पुत्र धनजी यादव का मकान पूरी तरह ढह गया। पड़ोस में रहने वाले छठु कुमार के मकान में भी बिजली गिरने से दीवार फट गई और घर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत मुखिया अरविंद कुमार यादव उर्फ गामा पहलवान पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। मुखिया ने पीड़ितों को हरसंभव मदद और सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन से मांग की जाएगी कि जल्द से जल्द सर्वे कर पीड़ित परिवारों को राहत दी जाए।वहीं,

इस संबंध में बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हो चुकी है।  विभागीय टीम को जांच का निर्देश दिया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद मुआवजा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार रात की तेज बारिश के दौरान कई जगहों पर बिजली गिरने से खेतों में लगे पेड़ भी जलकर राख हो गए। इस प्राकृतिक आपदा ने क्षेत्र में त्रासदी का माहौल पैदा कर दिया है।