नुआंव में फिर बेनकाब हुआ शराब का धंधा, पुलिस छापे में तस्कर गिरफ्तार
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में अवैध शराब कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ठिकाने पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में अवैध शराब कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ठिकाने पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका सहयोगी अंधेरे और अफरातफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया।पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि नुआंव गांव में चोरी-छिपे अंग्रेजी शराब की बिक्री की जा रही है।

सूचना के सत्यापन के बाद कृष्णाब्रह्म थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकाने को घेर लिया। छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 13.710 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब को तत्काल जब्त कर लिया गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नुआंव निवासी मंतोष राम को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका साथी संतोष राम पुलिस की पकड़ से बचकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपितों का शराब तस्करी से जुड़ा पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में भी इसी तरह के मामलों में जेल जा चुके हैं।पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। हालिया कार्रवाई को शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है।

