लगातार पशु चोरी से दहशत में पशुपालक, दो थाना क्षेत्रों में 24 घंटे में 9 भैंसें चोरी
डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में पशु चोरों की सक्रियता ने पशुपालकों की चिंता बढ़ा दी है। डुमरांव और कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही भैंस चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। हाल के दो दिनों में अलग-अलग गांवों से नौ भैंसों की चोरी की घटनाएं सामने आई हैं।

__ डुमरांव में एक रात पहले चार भैंसों की चोरी के बाद अरैला से दो और कृष्णाब्रह्म में तीन भैंसें ले उड़े चोर, पुलिस की जांच शुरू
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में पशु चोरों की सक्रियता ने पशुपालकों की चिंता बढ़ा दी है। डुमरांव और कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही भैंस चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। हाल के दो दिनों में अलग-अलग गांवों से नौ भैंसों की चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। खास बात यह है कि चोर रात के अंधेरे में घरों के आसपास बंधे मवेशियों को खोलकर आसानी से फरार हो जा रहे हैं।डुमरांव थाना क्षेत्र के अरैला गांव में बीती रात अज्ञात चोर पशुपालक भोला यादव की दो भैंस खोलकर ले गए। सुबह मवेशियों के स्थान से गायब मिलने के बाद पशुपालक ने आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद उन्होंने थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरी गई भैंसों की बरामदगी के साथ आरोपितों की पहचान का प्रयास कर रही है।एक रात पहले बंझुडेरा गांव में चार भैंसों की चोरी ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। बंझुडेरा निवासी पशुपालक सवरू यादव की चार भैंसें रात में चोरी हो गई थीं। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद काफी खोजबीन की गई, लेकिन मवेशियों का पता नहीं चल सका। लगातार दो रातों में डुमरांव थाना क्षेत्र से छह भैंसों की चोरी ने पुलिस गश्ती और पशुपालकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उधर, कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के ठाकुर दयाल सिंह के टोला में भी 30 अगस्त की रात चोरों ने तीन पशुपालकों की एक-एक भैंस चोरी कर ली। धर्मेंद्र कुमार, राजेंद्र यादव और मैनेजर यादव की भैंसें घर के पास बंधी थीं। सुबह तीनों मवेशियों के गायब मिलने के बाद गांव और आसपास के बधार में तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। धर्मेंद्र कुमार के बयान पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।लगातार हो रही घटनाओं से पशुपालकों में यह आशंका गहराने लगी है कि कहीं इलाके में संगठित पशु चोर गिरोह तो सक्रिय नहीं है। ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी गई भैंसों की जल्द बरामदगी की मांग की है।

