फेरी कर आभूषण बेचने वाले से लूटपाट में मुख्य आरोपित गिरफ्तार, दूसरे की तलाश

फेरी कर आभूषण बेचने वाले से लूटपाट में मुख्य आरोपित गिरफ्तार, दूसरे की तलाश

चरपोखरी थाना क्षेत्र के चांदी गांव से पकड़ा गया लूटपाट करने का आरोपित

पिछले साल नौ अक्टूबर को चरपोखरी के चांदी के समीप गोली मार की गयी थी लूट 

पूछताछ में बोला आरोपित: खर्च कर दिया लूट में मिले पैसे 

केटी न्यूज/आरा

आरा। भोजपुर की चरपोखरी थाने की पुलिस ने पिछले साल अक्टूबर में आभूषण कारीगर से लूट का खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वह उसी थाना क्षेत्र के चांदी गांव का रहने वाला स्व. बालधारी यादव का पुत्र रिकेश यादव है। उसे रविवार की रात उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उसने पूछताछ में लूट में शामिल होने की बात स्वीकार की है। कहा कि लूट के बाद मिले पैसे खर्च हो गये हैं। एसपी प्रमोद कुमार की ओर से सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि पिछले साल नौ अक्टूबर को फेरी कर आभूषण बेचने वाले सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के बागर गांव निवासी पिंटू साह से चरपोखरी थाने के चांदी मठिया के पास लूटपाट की गयी थी। तब उससे कुछ पैसे और जेवर छीन लिये गये थे।विरोध करने पर उसे गोली भी मार दी गयी थी। उसके बाद से ही एसडीपीओ राहुल सिंह के नेतृत्व में पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी में जुटी थी। इस बीच रविवार की रात तकनीकी सूत्र और लोकल इनपुट के जरिए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह कांड का मुख्य आरोपित है। पूछताछ में उसने अपने दूसरे साथी का नाम बताया है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार रिकेश यादव का आपराधिक रेकॉर्ड खंगाला जा रहा है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा और एसआई हरि प्रसाद शर्मा सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।