मुखिया पति हत्याकांड का मुख्य शूटर अपराधि हथियार के साथ गिरफ्तार

मुखिया पति हत्याकांड का मुख्य शूटर अपराधि हथियार के साथ गिरफ्तार

 बभनगांवा गांव के बागीचे से गुरुवार को सुबह पकड़ा गया है शूटर 

गिरफ्तार शूटर के पास से एक देसी कट्टा, एक गोली और एक मोबाइल बरामद 

केटीन्यूज/आरा

भोजपुर के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पश्चिमी गुंडी पंचायत की मुखिया पति, प्रॉपर्टी डीलर सह व्यवसायी महेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव की हत्या में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मुख्य शूटर धनजी यादव को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। धनजी यादव उसी थाना क्षेत्र के बभनगांवा गांव निवासी जगदीश यादव का पुत्र है। वह कृष्णगढ़ थाने के टॉपटेन अपराधियों में शामिल है‌। उसके खिलाफ पूर्व से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और शराब सहित पांच मामले दर्ज हैं। उसे गुरुवार की सुबह बभनगांवा स्थिति बागीचे से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक देसी कट्टा, एक गोली और एक मोबाइल बरामद किया गया है। एसपी प्रमोद कुमार यादव की ओर से गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सरैयां बाजार में पिछले 14 मई की सुबह बभनगांवा गांव निवासी पश्चिमी गुंडी पंचायत की मुखिया के पति सह सीमेंट व्यवसायी महेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी। उसे लेकर उनके पुत्र विकास कुमार यादव के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। उसमें बभनगांवा गांव निवासी धनजी यादव व अंशु उपाध्याय पर पर मुखिया पति को सर में गोली मारने का आरोप लगाया गया था। एएसपी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा मुख्य आरोपित सहित अन्य अपराधियों को गिरफ्तारी कर लिया गया था। कुछ आरोपितों के खिलाफ कुर्की की भी कार्रवाई की गयी थी। हालांकि हत्याकांड का मुख्य शूटर धनजी यादव फरार चल रहा था। गुरुवार की सुबह सूचना धनजी यादव किसी से मिलने अपने गांव आया है और बागीचे में छुपा है। उसके आधार पर टीम द्वारा बागीचे में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, एक गोली और एक मोबाइल बरामद किया गया है। बताया कि हथियार बरामदगी के मामले में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। टीम में कृष्णगढ़ ओपी इंचार्ज विवेक कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे। 

पंचायती कर थाने से लौटते समय फिल्मी अंदाज में वारदात को दिया गया था अंजाम

मुखिया पति महेंद्र यादव को बीच बाजार गोलियों से भून दिया गया था। उन्हें नजदीक से पांच गोलियां मारी गयी थी। तब घटना के समय बताया गया था कि मुखिया पति गांव के ही एक केस की पंचायत करने 14 मई की सुबह अपनी बुलेट से कृष्णगढ़ थाने गए थे। वहां से वह वापस घर लौट रहे थे। तभी उसी दौरान सरैया बाजार में अपराधियों द्वारा उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी गयी थी। बुलेट से गिरने के बाद बाइक सवार अपराधी दुबारा लौट आये और उनके सिर में फिर से गोली मार दी थी। उससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।