स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधाओं की हकीकत जांचने मैदान में उतरे अफसर

जिले के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर शनिवार को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।

स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधाओं की हकीकत जांचने मैदान में उतरे अफसर

__ जिलाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडलीय अस्पताल, पीएचसी और चक्की स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

केटी न्यूज/बक्सर

जिले के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर शनिवार को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अस्पतालों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था, साफ-सफाई, दवा वितरण, चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।प्रशासनिक स्तर पर चलाए गए इस विशेष जांच अभियान के तहत डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव का निरीक्षण किया।

वहीं उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरांव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा डुमरांव डीसीएलआर टेसलाल ने चक्की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल की।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों के लिए उपलब्ध पेयजल, शौचालय, बिजली, दवा की उपलब्धता, ओपीडी संचालन, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास किया।

सूत्रों के अनुसार हाल के दिनों में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकीय सुविधाओं की कमी, दवा वितरण में अनियमितता तथा साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतें प्रशासन को प्राप्त हो रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों में भेजकर वास्तविक स्थिति का आकलन कराने का निर्देश दिया था।जांच के दौरान अधिकारियों ने संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की तथा कई बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी भी दी गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण के दौरान तैयार किए गए जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जहां भी अनियमितता या लापरवाही सामने आएगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि आम लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है तथा इस दिशा में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।स्वास्थ्य केंद्रों पर हुई इस औचक जांच से स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और उसके बाद होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।