ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

डुमरांव व कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में कृषि ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी कर किसानों की परेशानी बढ़ाने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मंगलवार की रात सुरौंधा गांव के बधार में की गई कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से ट्रांसफार्मर का तेल, ई-रिक्शा, अपाचे बाइक, मोबाइल फोन और ट्रांसफार्मर खोलने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

-- सुरौंधा बधार में ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस की कार्रवाई, ई-रिक्शा, बाइक और उपकरण बरामद

-- डीएसपी का दावारू गिरोह के अन्य सदस्य चिन्हित, गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी

-- लगातार हो रही चोरी से परेशान किसानों को राहत, सिंचाई प्रभावित होने से बढ़ी थी चिंता

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव व कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में कृषि ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी कर किसानों की परेशानी बढ़ाने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मंगलवार की रात सुरौंधा गांव के बधार में की गई कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से ट्रांसफार्मर का तेल, ई-रिक्शा, अपाचे बाइक, मोबाइल फोन और ट्रांसफार्मर खोलने के उपकरण बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार यह गिरोह रात के अंधेरे में खेतों में लगे कृषि ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर उनसे तेल निकाल लेता था और बाद में उसे चोर बाजार में बेच देता था। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से किसानों को सिंचाई में भारी परेशानी हो रही थी, वहीं बिजली विभाग की भी चिंता बढ़ गई थी।

-- वारंटी की तलाश में गई पुलिस को मिली बड़ी सफलता

मिली जानकारी के अनुसार डुमरांव थाने की पुलिस मंगलवार की रात सुरौंधा गांव में एक वारंटी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने गई थी। इसी दौरान गांव के बाहर बधार की ओर रोशनी दिखाई देने पर पुलिस को संदेह हुआ। जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो ट्रांसफार्मर के पास कुछ लोग संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दिए।पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे। हालांकि पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए युवक से पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

-- मौके से बरामद हुआ तेल और वाहन

पुलिस ने तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक ई-रिक्शा (बीआर 44 ईआर 4450) और एक अपाचे बाइक (बीआर 44 एम 2450) बरामद की। साथ ही लगभग ढाई लीटर ट्रांसफार्मर का तेल भी जब्त किया गया। आरोपितों के भागने के दौरान करीब 100 लीटर तेल जमीन पर गिरा हुआ पाया गया।पकड़े गए युवक की पहचान कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव निवासी रामाधार यादव के पुत्र संतोष कुमार उर्फ टुनटुन यादव के रूप में हुई है।

-- निशानदेही पर दो और आरोपी गिरफ्तार

संतोष यादव से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसका गिरोह ग्रामीण फीडर के ट्रांसफार्मरों से तेल चुरा उसे बेचता था। संतोष ने गिरोह के सदस्यों के साथ ही जिस दुकानदार को तेल बेचा जाता था उसका नाम भी बताया। गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शहर के लालगंज कड़वी मोहल्ला से पंकज यादव पिता रामजी यादव को तथा अरियांव गांव में अवैध तरीके से डीजल का व्यवसाय करने वाले चुन्नू साह पिता स्व. खेमराज साह को गिरफ्तार कर लिया। तीनों अरियांव गांव के ही निवासी है।एसडीपीओ ने बताया कि इनके पास से ट्रांसफार्मर खोलने की विशेष चाभी, रिंच और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं, जिनकी मदद से यह लोग ट्रांसफार्मर खोलकर तेल निकालते थे।

-- कई थाना क्षेत्रों में फैला था गिरोह का नेटवर्क

बुधवार की शाम आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे ब्रह्मपुर, कृष्णाब्रह्म और डुमरांव थाना क्षेत्र के कई गांवों के बधारों में लगे कृषि ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाते थे।उन्होंने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है, जो योजनाबद्ध तरीके से रात में खेतों में पहुंचकर ट्रांसफार्मर का तेल निकाल लेता था। चोरी किए गए तेल को बाद में चोर बाजार में बेच दिया जाता था।

-- गिरोह के अन्य सदस्य चिन्हित, जल्द होगी गिरफ्तारी

एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान भी कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया जाएगा। 

-- हाल के दिनों में बढ़ गई थीं चोरी की घटनाएं

गौरतलब है कि हाल के दिनों में डुमरांव और कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इससे किसानों के साथ-साथ बिजली विभाग की भी चिंता बढ़ गई थी।वर्तमान समय में गेहूं की फसल में बालियां निकलने लगी हैं और बेहतर उत्पादन के लिए सिंचाई बेहद जरूरी है। ऐसे समय में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने के कारण कई जगहों पर सिंचाई कार्य बाधित हो रहा था, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई थी। गिरोह का उद्भेदन होने से बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ ही किसानों ने भी राहत की सांस ली है। 

-- कार्रवाई से किसानों को मिली राहत

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके के किसानों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गिरोह का पर्दाफाश नहीं होता तो सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती थी।इस मामले में अवर निरीक्षक रविशंकर पांडेय के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ट्रांसफार्मर चोर गिरोह के उद्भेदन के लिए की गई छापेमारी का नेतृत्व एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने किया, उनके साथ डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, डुमरांव थाने के एसआई रविशंकर पांडेय, एएसआई विपीन कुमार समेत सशस्त्र बल शामिल थे।