भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए पंकज राम, राजपुर विस में बदल सकता है समीकरण
राजपुर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं बसपा के पूर्व प्रत्याशी पंकज राम ने आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पटना स्थित सदाकत आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

-- राजेश राम ने दिलाई सदस्यता, नेताओं ने किया स्वागत, कांग्रेस को मिली नई मजबूती
केटी न्यूज/बक्सर
राजपुर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं बसपा के पूर्व प्रत्याशी पंकज राम ने आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पटना स्थित सदाकत आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने पंकज राम का स्वागत करते हुए कहा कि वे लंबे समय तक भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे हैं। अब कांग्रेस परिवार से जुड़कर वे न केवल पार्टी को मजबूत करेंगे बल्कि क्षेत्र की राजनीति में भी नई ऊर्जा भरेंगे। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में भाजपा एवं अन्य दलों के कई वरिष्ठ नेता कांग्रेस का दामन थामने को तैयार हैं।
बक्सर विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी डॉ. प्रमोद ओझा ने भी पंकज राम के कांग्रेस में शामिल होने को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम बताया। उन्होंने कहा कि पंकज राम बक्सर जिले में एक मजबूत स्तंभ हैं, जिनके आने से पार्टी की पकड़ और गहरी होगी। डॉ. ओझा ने यह भी उल्लेख किया कि पंकज राम कई वर्षों से परोक्ष रूप से कांग्रेस को मजबूत करने में लगे रहे हैं और अब प्रत्यक्ष रूप से पार्टी को मजबूती देंगे।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद पंकज राम ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामने अपना संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी को बक्सर जिला में मजबूत करने का काम करूंगा। पिछले चुनाव में महागठबंधन की तरह इस बार भी जिले की चारों विधानसभा सीटें गठबंधन की झोली में जाएंगी।
वहीं, माना जा रहा है कि पंकज के कांग्रेस ज्वाइन करने से राजपुर विस में समीकरण बदल सकते है। फिलहाल राजपुर सुरक्षित विधानसभा सीट से कांग्रेस के ही विश्वनाथ राम विधायक है। वैसे पंकज को भी इस सुरक्षित विस क्षेत्र का दावेदार माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण पाठक, अमरेंद्र कुमार सिंह, धर्मेंद्र धारी सिंह, मोहन दुबे, राजेंद्र ओझा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। युवा कांग्रेस की ओर से प्रदेश सचिव पंकज उपाध्याय, बक्सर जिला कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण उपाध्याय, डॉ. सत्येंद्र ओझा, शाहिद सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए।
राजनीतिक हलकों में पंकज राम के कांग्रेस में आने को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। माना जा रहा है कि बक्सर जिले में कांग्रेस संगठन को इससे सीधा बल मिलेगा और महागठबंधन की चुनावी रणनीति को भी मजबूती प्राप्त होगी।