जर्जर तारों से मिलेगी मुक्ति, जंगल बाजार में दिनभर ठप रहेगी बिजली

शहर के जंगल बाजार इलाके में वर्षों से जर्जर हो चुके बिजली तार अब उपभोक्ताओं के लिए परेशानी के साथ-साथ खतरे का कारण भी बन गए हैं। लगातार फॉल्ट और बार-बार बिजली बाधित होने की शिकायतों के बीच विद्युत विभाग ने मंगलवार को पुराने तारों को बदलने का निर्णय लिया है।

जर्जर तारों से मिलेगी मुक्ति, जंगल बाजार में दिनभर ठप रहेगी बिजली

केटी न्यूज/डुमरांव

शहर के जंगल बाजार इलाके में वर्षों से जर्जर हो चुके बिजली तार अब उपभोक्ताओं के लिए परेशानी के साथ-साथ खतरे का कारण भी बन गए हैं। लगातार फॉल्ट और बार-बार बिजली बाधित होने की शिकायतों के बीच विद्युत विभाग ने मंगलवार को पुराने तारों को बदलने का निर्णय लिया है। इसके लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।विद्युत विभाग के अनुसार 2 नंबर चौकी स्थित नथुनी के बाग ट्रांसफार्मर से जुड़े पुराने तार काफी कमजोर हो चुके हैं। तेज हवा, बारिश अथवा अधिक लोड की स्थिति में इन तारों में बार-बार खराबी आने से उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा था। कई बार तकनीकी गड़बड़ियों के कारण लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रही, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई।

कनीय विद्युत अभियंता मो. इम्तियाज ने बताया कि पुराने तारों को हटाकर नए तार लगाए जाएंगे। इससे बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित और सुचारु हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जर्जर तार दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाते हैं, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से यह कार्य आवश्यक है।हालांकि मरम्मत कार्य के दौरान पूरे दिन बिजली बंद रहने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती से पेयजल आपूर्ति और अन्य दैनिक कार्य भी प्रभावित होने की संभावना है।विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए आवश्यक तैयारियां पहले से कर लेने की सलाह दी है। अधिकारियों का दावा है कि तार बदलने के बाद इलाके में फॉल्ट की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में बेहतर बिजली सेवा मिल सकेगी।