सुझाव संग्रह अभियान की शुरुआत, भाजपा का घोषणापत्र बनेगा जन आकांक्षाओं का प्रतीक

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणापत्र को जन उपयोगी और जन आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसी उद्देश्य से भाजपा द्वारा राज्य के आठ केंद्रों पर प्रेसवार्ताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को बक्सर स्थित वैष्णवी होटल में जिला भाजपा की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई।

सुझाव संग्रह अभियान की शुरुआत, भाजपा का घोषणापत्र बनेगा जन आकांक्षाओं का प्रतीक

-- बक्सर में वैष्णवी होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक ने किया ऐलान

केटी न्यूज/बक्सर

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणापत्र को जन उपयोगी और जन आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसी उद्देश्य से भाजपा द्वारा राज्य के आठ केंद्रों पर प्रेसवार्ताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को बक्सर स्थित वैष्णवी होटल में जिला भाजपा की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन का कार्य जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा का आगामी घोषणा पत्र बिहार की जनता की उम्मीदों और सुझावों पर आधारित होगा। पार्टी बिहार के हर कोने से जनभावनाओं को समेटकर घोषणापत्र तैयार कर रही है।

श्री पाठक ने कहा कि हमारा घोषणापत्र जनता की आकांक्षाओं का प्रतीक बनेगा। इसके लिए पार्टी ने ‘विकसित बिहार सुझाव संग्रह अभियान’ शुरू किया है, जिसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रचार वाहन के माध्यम से सुझाव पेटी रखी गई है। लोग पत्रक भरकर अपने सुझाव दे सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि जनता अपने सुझाव मोबाइल नंबर 8980 2432 43 पर मिस्ड कॉल देकर, या वेबसाइट विकसित बिहार डॉट इन पर लॉगिन करके भी दे सकते है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि इस प्रेसवार्ता का उद्देश्य मीडिया माध्यमों के जरिए सुझाव अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि हर नागरिक बढ़ते बिहार के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा गया है, और भाजपा की कोशिश है कि इस यात्रा में बिहार एक अग्रणी भूमिका निभाए।

श्री पाठक ने बताया कि 11 और 12 अक्टूबर को भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से सुझाव एकत्र करेंगे। इस अभियान में राष्ट्रीय से लेकर प्रदेश स्तर तक के सभी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनता और पार्टी के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम बनेगा, जिससे जनता स्वयं बिहार के भविष्य की दिशा तय करेगी।

प्रेसवार्ता में भाजपा आरा के प्रवक्ता विजय सिंह, प्रवक्ता दीपक पांडेय, पुनीत सिंह, रमेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।