बक्सर में मजदूर की संदेहास्पद मौत, उलझन में पड़ी पुलिस

बक्सर में मजदूर की संदेहास्पद मौत, उलझन में पड़ी पुलिस

- झोपड़ीनुमा मकान में मृत अवस्था में पड़ा था छठू राम

केटी न्यूज। बक्सर

बक्सर के मठिया मोहल्ला निवासी 38 वर्षीय छठू राम की संदेहास्पद मौत हो गई है। उसका शव उसके कमरे में औंधे मुंह पड़ा था। परिजनों ने कमरे के ऊपर लगे शेड को उखाड़ शव को बाहर निकाला। उसके चेहरे पर जख्म के निशान तथा जहां वह गिरा था वहां खून के छींटे मिले हैं। परिजन उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं। परिजनों का कहना है कि 2 दिन पूर्व मूसहर बिरादरी के लोगों के साथ उसका विवाद हुआ था। हालांकि वह जिस कमरे में पड़ा था वह अंदर से बंद था। ऐसे में उसकी मौत का रहस्य गहरा गया है। जानकारी के अनुसार उसकी पत्नी सदर अस्पताल में काम करती है। अहले सुबह चार बजे वह अपनी पत्नी को छोड़ने सदर अस्पताल गया था। उसकी पत्नी सुबह सात बजे घर लौटी तो देखा कि उसके पति का कमरा अंदर से बंद था। वह काफी देर तक आवाज लगाई लेकिन अंदर से कुछ जबाव नहीं आया।

इसके बाद घर के अन्य लोगों ने मिलकर कमरे के ऊपर लगे शेड को उखाड़ जब अंदर पहुंचे तो देखा कि छठू औंधे मुंह गिरा था। परिजन जब उसे सीधा किए तो देखे कि उसकी मौत हो चुकी है तथा उसके जबड़े पर जख्म के निशान मिले तथा वहा खून के छींटे भी गिरे थे। इसकी सूचना नगर थाने की पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों के बयान तथा कमरा अंदर से बंद होने के बाद पुलिस  इस मामले में खुद उलझी हुई है। नगर थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।