प्रसव के बाद महिला की बिगड़ी हालत, परिजनों ने किया हंगामा

प्रसव के बाद महिला की बिगड़ी हालत, परिजनों ने किया हंगामा

- परिजनों ने लगाया डाक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप 

- गंभीर हालत में प्रसूता सदर अस्पताल से पटना रेफर

केटी न्यूज/आरा

जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में बुधवार की रात ऑपरेशन और प्रसव के बाद एक महिला की तबीयत बिगड़ गयी। गंभीर हालत में उसे पटना रेफर कर दिया गया है। उसके बाद महिला के परिजन भड़क उठे और अस्पताल में जमकर हंगामा मचाया। परिजनों की ओर से डाक्टरों पर ऑपरेशन और इलाज करने में लापरवाही का आरोप लगाया जा रहा था। परिजनों का कहना था कि ऑपरेशन के बाद उसे देखने के लिए डॉक्टर नहीं आ रहे थे। कर्मचारियों द्वारा भी सही जानकारी नहीं दी जा रही थी। इधर, हंगामे के कारण सदर अस्पताल की लेबर वार्ड में काफी देर तक अफरातफरी मची रही।

बाद में मौजूद सुरक्षाकर्मियों द्वारा  परिजनों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया गया। प्रसूता जगदीशपुर थाना क्षेत्र के विमवां गांव की रहने वाली गुड़िया देवी है। महिला के  परिजनों के अनुसार बुधवार की सुबह गुड़िया देवी को अचानक लेबर पेन होने लगा। उसके बाद प्रसव के लिए उसे‌ सदर अस्पताल की प्रसूति वार्ड लाया गया।

वहां डाक्टर द्वारा देख ऑपरेशन की सलाह दी गयी। कुछ देर बाद ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया गया। तब उसे बेटी पैदा हुई। उसके बाद नवजात बेबी को डाक्टर की सलाह पर एसएनसीयू में भर्ती कर करा दिया गया। उधर, ऑपरेशन के कुछ घंटे गुजर जाने के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी। उस पर वेलोग डाक्टर के पास गये तो कोई नहीं मिला। बाद में उसे पटना रेफर कर दिया गया।