नाबालिग का अपहरण कर बेचने के फ़िराक़ में थीं शातिर, तीन गिरफ्तार, एक फरार

भभुआ नगर निवासी एक नाबालिग लड़की का बुधवार की सुबह अपहरण कर उसे बेचने के चक्कर में पड़ी तीन महिलाओं को देर शाम तक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बेहोशी की हालत में नाबालिग लड़की को भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया।

नाबालिग का अपहरण कर बेचने के फ़िराक़ में थीं शातिर,  तीन  गिरफ्तार, एक फरार
केटी न्यूज़, भभुआ: भभुआ नगर निवासी एक नाबालिग लड़की का बुधवार की सुबह अपहरण कर उसे बेचने के चक्कर में पड़ी तीन महिलाओं को देर शाम तक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बेहोशी की हालत में नाबालिग लड़की को भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार महिलाओं में वार्ड 12 निवासी हरिचरण साह की पत्नी तेतरी देवी व स्व. सोनू साह की पत्नी शंकुतला कुंअर व दुर्गावती के गंगापुर निवासी फिलवक्त वार्ड 12 में ही रहने वाली उपेंद्र बिंद की पत्नी सुशीला देवी शामिल हैं। इस घटना में शामिल फरार एक अन्य आरोपित उपेंद्र बिंद के पुत्र सोनू बिंद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। इस मामले में लड़की के पिता ने उसके गायब होने की सूचना 17 अप्रैल को भभुआ थाना को दी थी।
घटना की जानकारी होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वार्ड 12 में लगे कैमरा के माध्यम से लड़की का लोकेशन लिया। कैमरे में आरोपितों के घर से आगे लड़की जाती नहीं दिखी। इससे पुलिस को आरोपितों के घर के आसपास ही गायब होने की पुष्टि हो गई। उधर लड़की के पिता ने भी अपने स्तर से जानकारी प्राप्त कर आरोपितों के घर में घुसने का प्रयास किया। लेकिन विरोध के चलते तत्काल सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस के सहयोग से मुख्य आरोपित तेतरी देवी के घर की तलाशी लेने पर उसके घर के एक कमरे में किनारे बेहोशी की हालत में नाबालिग लड़की मिल गई। 
इसके बाद पुलिस ने लड़की के पिता के आवेदन के आधार पर उपरोक्त महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई के साथ पूछताछ करने पर पूरे मामला का खुलासा होने पर पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जहां से न्यायालय ने उन्हें जेल भेज दिया।