संगठन सृजन अभियान के द्वितीय चरण की शुरुआत तियरा मनोहरपुर से
कांग्रेस पार्टी के बहुचर्चित ‘संगठन सृजन अभियान’ के द्वितीय चरण की शुरुआत शनिवार को राजपुर प्रखंड के तियरा मनोहरपुर गांव से हुई। कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त राष्ट्रीय पर्यवेक्षक एवं महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य राजेश राठौर की उपस्थिति तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र राम की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

केटी न्यूज/बक्सर
कांग्रेस पार्टी के बहुचर्चित ‘संगठन सृजन अभियान’ के द्वितीय चरण की शुरुआत शनिवार को राजपुर प्रखंड के तियरा मनोहरपुर गांव से हुई। कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त राष्ट्रीय पर्यवेक्षक एवं महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य राजेश राठौर की उपस्थिति तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र राम की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।बैठक में प्रखंड क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। अभियान का उद्देश्य संगठन को पुनः सक्रिय, सशक्त और जनआधारित बनाना बताया गया।

राष्ट्रीय पर्यवेक्षक राठौर ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए देशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह पहल लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के आह्वान पर प्रारंभ की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल सदस्यता अभियान नहीं, बल्कि विचारधारा से जुड़े समर्पित कार्यकर्ताओं की नई पीढ़ी तैयार करने का संकल्प है।बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पर्यवेक्षक मृणाल अनामय ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन की मजबूती आवश्यक है। बूथ स्तर पर प्रतिबद्ध टीम के गठन से पार्टी की स्थिति सुदृढ़ होगी।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि जिले के सभी कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने के लिए कृतसंकल्प हैं। उन्होंने बूथ कमेटियों के गठन, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा युवा व महिला कांग्रेस की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया।राजपुर के बाद चौसा प्रखंड में भी प्रखंड अध्यक्ष राजा रमण पांडे की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया गया।अंत में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित कर सदस्यता अभियान को गति दी जाएगी।

