बाइक में पेट्रोल भराकर लौट रहे दो युवकों को ट्रक रौंदा,हालत गंभीर

बाइक में पेट्रोल भराकर लौट रहे दो युवकों को ट्रक रौंदा,हालत गंभीर

केटी न्यूज/आरा

शनिवार की देर शाम आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर गड़हनी बाजार के समीप ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। उसमें दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। एक की हालत काफी गंभीर है, जिसे पटना रेफर कर दिया गया। दूसरे का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। घायलों में बड़हरा प्रखंड के सिन्हा गांव निवासी मो. मैनुद्दीन का 17 वर्षीय पुत्र मो. रिजवान जबकि दूसरा झारखंड के पलामू के डाल्टनगंज गांव निवासी मो. एनामुल अंसारी का 20 वर्षीय पुत्र याकूब अंसारी है। याकूब अंसारी ने बताया कि रिजवान गड़हनी स्थित मदरसे में मौलवी की पढ़ाई करता है।

उसकी पढ़ाई पूरी हो चुकी है, लेकिन वह दो दिन के लिए गड़हनी मदरसे में आया था। शनिवार की देर शाम दोनों बाइक में पेट्रोल लेने गड़हनी स्थित पंप पर गए थे। पेट्रोल लेकर दोनो वापस लौट रहे थे। तभी ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। उससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद रिजवान को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।