एनएच-922 पर हादसे में महिला को कुचलकर फरार हुआ वाहन, मौत, पहचान अब तक नहीं

पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर सोमवार की रात एक दर्दनाक और रहस्यमयी सड़क हादसे में एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। घटना कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव के समीप दक्षिणी लेन की है, जहां किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने महिला को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।

एनएच-922 पर हादसे में महिला को कुचलकर फरार हुआ वाहन, मौत, पहचान अब तक नहीं

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म:

पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर सोमवार की रात एक दर्दनाक और रहस्यमयी सड़क हादसे में एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। घटना कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव के समीप दक्षिणी लेन की है, जहां किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने महिला को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।मंगलवार की सुबह जब ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी, तो इलाके में सनसनी फैल गई। तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक महिला पिछले तीन-चार दिनों से इलाके में लावारिस हालत में भटकती हुई देखी जा रही थी।

वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी और अक्सर सड़क किनारे घूमती रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में वह सड़क पार कर रही होगी, तभी किसी वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे पुलिस के सामने चुनौती और बढ़ गई है। फिलहाल मृतक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि फरार वाहन का सुराग मिल सके।इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।