आंगन में सो रहे युवक की विषैले सांप डंसने से मौत

आंगन में सो रहे युवक की विषैले सांप डंसने से मौत

- झाड़-फूंक कराने के चक्कर में हुई देर, अस्पताल जाने के दौरान गई जान 

केटी न्यूज/आरा

जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में सोमवार की रात विषैले सांप के डंसने से एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि झाड़-फूंक के चक्कर में ही युवक की जान चली गई। झाड़-फूंक में हुई देरी के कारण युवक को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। मृतक बहादुरपुर गांव निवासी देव कुमार राम का बेटा विकास राम था। मृतक के परिजन मीता राम ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद वह घर के आंगन में ही सोया था। देर रात विषैले सांप ने उसे डंस लिया। जिसके बाद उसकी नींद खुली और उसने घरवालों को इसकी जानकारी दी।

परिजन उसे तत्काल झाड़-फूंक कराने के लिए उसे लहरपा गांव ले गए। जहां करीब पांच घंटों तक झाड़-फूंक चला, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। उसकी हालत ज्यादा बिगड़ता देखा ओझा ने इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने की सलाह दी। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी जान निकल गई थी।

बताते चलें कि जिले के विभिन्न हिस्सों में झाड़-फूंक के चक्कर में कई लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें पुरुष, महिला, बुजुर्ग और बच्चे भी शामल हैं। उसके बावजूद लोगों झाड़-फूंक कराने से बाज नहीं आ रहे। बताया जा रहा है कि युवक अपने चार भाई और एक बहन में चौथे स्थान पर था। उसके परिवार में पत्नी आभा देवी, पुत्री बेबी, रूबी और पुत्र रितेश है। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है।