स्टेट बैंक के पास बुजुर्ग महिला से 25 हजार की उचक्कई

स्टेट बैंक के पास बुजुर्ग महिला से 25 हजार की उचक्कई

केटी न्यूज/डुमरांव

बुधवार को नगर के स्टेट बैंक शाखा से 25 हजार रूपए निकासी कर बाहर निकली एक बुजुर्ग खाताधारी के पैसे उचक्कों ने उड़ा लिए है। महिला अभी बैंक से बाहर ही निकली थी तथा बैग पर उसकी नजर पड़ी तो वह सन्न रह गई। उचक्कों ने बैग में ब्लेड मार कुल 25 हजार रूपए की ले भागे थे। इसके बाद महिला रोते विलखते स्थानीय थाना पहुंच पुलिस को अपना दुखड़ा सुनाया। लेकिन संभवतः पुलिस उस समय व्यस्त थी। जिस कारण महिला की बातों पर तत्काल ध्यान नहीं गया। वही थोड़ी देर बाद ही रोते विलखते पीड़िता थाना से बाहर निकल गई। डुमरांव थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि महिला आई थी, लेकिन अचानक कही चली गई। वही जब बाजार में इस बात की चर्चा सरेआम हुई कि शहर के घनी आबादी के बीच से एक महिला से उचक्कई हुई है तब पुलिस की बेचैनी बढ़ी तथा पुलिस उसे खोजने लगी। लेकिन घंटो की खोज के बाद भी बुजुर्ग पीड़िता का कही पता नहीं चला। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की उदासीनता के बाद वह अपने घर चली गई होगी। वैसे बताया जाता है कि पीड़ित महिला कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव की रहने वाली थी। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस के रवैये पर कई तरह की चर्चाएं की जा रही है।

डुमरांव में नया नहीं है उचक्कई की घटनाएं

डुमरांव में उचक्कई की यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आते रहती है। अभी कुछ दिन पहले ही मुरार थाना क्षेत्र के बेलहरी गांव निवासी एक बुजुर्ग से उचक्कों ने राज हाई स्कूल के समीप से ई-रिक्शा को ओवरटेक कर उनके 55 हजार रूपए ले उड़े थे। उक्त बुजुर्ग भी स्टेट बैंक से ही पैसा निकाल वापस अपने घर जा रहे थे। वही पिछले वर्ष पुराना भोजपुर निवासी एक महिला सिपाही से भी भरे बाजार उस वक्त उचक्कई की घटना हुई थी जब वह अपनी मां के बाजार में जरूरी सामानों को खरीदने आई थी। इसके पहले नंदन की एक महिला से राजगढ़ परिसर में उचक्कों ने रूपयों से भरा झोला छिन लिया था। भागने के दौरान एक उचक्का को स्थानीय लोगों ने पकड़ पुलिस के हवाले किया था। इसके अलावे भी शहर में उचक्कई की कई घटनाएं हो चुकी है। अधिकांश घटनाएं बैंक से रूपया निकालने वाले उपभोक्ताओं के साथ ही घटित होती है। वही अधिकांश मामलों में अबतक पुलिस के हाथ खाली है। जिससे कई सवाल खड़े हो रहे है।