हाई वोल्टेज तार की चिंगारी से महुआ के पेड़ में लगी आग __ फायर टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा
प्रखंड क्षेत्र के धरहरा बाजार में गुरुवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब हाई वोल्टेज बिजली तार में हुई शॉर्ट सर्किट से एक सूखे महुआ के पेड़ में अचानक आग लग गई। घटना पटना-बक्सर एनएच-922 के किनारे की है, जहां 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार पेड़ के ऊपर से गुजर रहा था।
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म:
प्रखंड क्षेत्र के धरहरा बाजार में गुरुवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब हाई वोल्टेज बिजली तार में हुई शॉर्ट सर्किट से एक सूखे महुआ के पेड़ में अचानक आग लग गई। घटना पटना-बक्सर एनएच-922 के किनारे की है, जहां 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार पेड़ के ऊपर से गुजर रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार में स्पार्किंग के बाद पेड़ ने तेजी से आग पकड़ ली। चूंकि पेड़ पूरी तरह सूखा था, इसलिए लपटें तेजी से फैलने लगीं। आसपास घनी आबादी और मकान होने के कारण लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय पुलिस और विद्युत विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पावर ग्रिड की टीम ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराई, जिससे आग और फैलने से रोकी जा सकी। इसके बाद डुमरांव से पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी की बौछार कर आग पर काबू पा लिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली नहीं काटी जाती और फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचती, तो आग आसपास के मकानों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। इस घटना ने एक बार फिर हाई वोल्टेज तारों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लोगों में इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।

