पानी भरे चाट में डूब रहा था युवक, सीओ बृजेश द्विवेदी की नजर पड़ी तो बची जान
शनिवार की दोपहर बिजली कार्यालय के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धूत एक युवक अचानक सड़क के किनारे स्थित चाट में जा गिरा। चाट पानी से भरा था तथा युवक उसमें डूबने लगा था। युवक को पानी में डूबता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

__ बिजली कार्यालय के पास अचानक चाट में गिरा नशेड़ी युवक, सीओ ने तुरंत दी सूचना, डायल 112 की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला
केटी न्यूज/डुमरांव।
शनिवार की दोपहर बिजली कार्यालय के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धूत एक युवक अचानक सड़क के किनारे स्थित चाट में जा गिरा। चाट पानी से भरा था तथा युवक उसमें डूबने लगा था। युवक को पानी में डूबता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। संयोग से उसी वक्त रास्ते से गुजर रहे डुमरांव के सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी की नजर घटना पर पड़ गई। उन्होंने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव की कार्रवाई शुरू कराई। समय पर मिली इस सूचना और त्वरित कार्रवाई के चलते युवक की जान बच गई।सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी की सूचना पर कुछ ही देर में डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से नहर में उतरकर युवक को बाहर निकाला।इसके बाद उसे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि युवक को समय रहते पानी भरे चाट से बाहर नहीं निकाला जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।घटना के संबंध में सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि वे उस रास्ते से गुजर रहे थे, तभी युवक के चाट में गिरने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस को तत्काल अवगत कराया गया। डायल 112 की टीम और स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

बचाव अभियान में समाजसेवी राजीव रंजन सिंह ने भी सहयोग किया। उन्होंने कहा कि समय पर प्रशासनिक तत्परता और स्थानीय लोगों की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि युवक ने संभवतः शराब का सेवन किया था, जिसके कारण संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिरा। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई अंतिम पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवक की पहचान, चाट में गिरने के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों और नहर के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

खासकर नशे की स्थिति में नहर, सड़क या अन्य जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। वही समाचार लिखे जाने तक युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस उसके हालत में सुधार का इंतजार कर रही है। फिलहाल अनुमंडलीय अस्पताल में गंभीर स्थिति में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसकी तस्वीर को आसपास के थानो, विभिन्न साइबर सेनानी ग्रुपो और सोशल मीडिया पर डाल पहचान में सहयोग किया अपील की है।

