चरपोखरी के मानसागर के समीप मछली पकड़ने गये युवक की पीट-पीटकर हत्या, एक गिरफ्तार

चरपोखरी के मानसागर के समीप मछली पकड़ने गये युवक की पीट-पीटकर हत्या, एक गिरफ्तार
शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाते परिजन

- घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुटी पुलिस, कराया पोस्टमार्टम

केटी न्यूज/आरा(चरपोखरी)

जिले के चरपोखरी थाना अंतर्गत मानसागर बनास नदी के किनारे मछली पकड़ने गये एक युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। वह शुक्रवार की रात मछली पकड़ने गया था। उसका शव शनिवार की सुबह बरामद किया गया। मृतक बगही टोला निवासी स्व. स्वरूप चौधरी के पुत्र बैजनाथ चौधरी (45 वर्षीय) था।‌ हत्या की खबर से इलाके में सनसनी मच गई।‌ सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हत्या का कारण मछली मारने का विवाद बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वह उसी गांव का ही धरीक्षण चौधरी बताया जा रहा है। इसे लेकर मृतक बैजनाथ चौधरी की पत्नी के बयान पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। घटना के संबंध में उसके पुत्र धनंजय चौधरी ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम उसके पिता गांव के ही कुछ लोगों के साथ मछली पकड़ने के लिए मानसागर गांव स्थित बनास नदी किनारे की ओर गये थे। वहां किसी बात को लेकर उन लोगों के बीच कुछ कहासुनी हुई। उसके बाद लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी गयी। शनिवार की सुबह गांव के कुछ लोग नदी किनारे गये, तो उसके पिता को मृत पड़ा देखा। उसके बाद घटना की सूचना मिली। उसने गांव के ही धरीक्षण चौधरी सहित अन्य लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने  आरोपितों से पूर्व से किसी तरह की दुश्मनी से इनकार किया है। एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि छानबीन की जा रही है। शुरुआती जांच में मछली पकड़ने के विवाद में ही हत्या की बात सामने आ रही है। नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। एक मुख्य आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। अन्य की धरपकड़ को लेकर छापेमारी की जा रही है। 

हत्या के बाद घर में मचा कोहराम, पत्नी और बच्चे बेहाल 

बगही गांव निवासी बैजनाथ चौधरी मजदूर था। मछली पकड़ने के साथ मजदूरी कर वह अपने परिवार का पालन पोषण करता था। उसकी मौत से घर में कोहराम और रोना-धोना मचा है। पत्नी और बच्चे बेहाल हैं। बताया जाता है कि युवक तीन बहन और एक भाई में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी मिरातो देवी, पुत्र मृत्युंजय चौधरी, धनंजय चौधरी, राम प्रसाद चौधरी और एक पुत्री रजनी कुमारी है। घटना के बाद पत्नी मिरातो देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।