नामांकन शुरू होते ही पैक्स अध्यक्ष उप चुनाव को लेकर बढ़ी हलचल

डुमरांव प्रखंड के सोवां और नुआंव पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। लंबे समय से खाली पड़े इन दोनों पदों पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही प्रखंड कार्यालय में चहल-पहल बढ़ गई है। 8 और 9 अप्रैल को नामांकन की तिथि निर्धारित होने के कारण पहले ही दिन उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भीड़ देखने को मिली।

नामांकन शुरू होते ही पैक्स अध्यक्ष उप चुनाव को लेकर बढ़ी हलचल

__ सोवां और नुआंव पंचायत में खाली पदों पर चुनाव, पहले दिन आधा दर्जन प्रत्याशियों ने भरा पर्चा

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव प्रखंड के सोवां और नुआंव पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। लंबे समय से खाली पड़े इन दोनों पदों पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही प्रखंड कार्यालय में चहल-पहल बढ़ गई है। 8 और 9 अप्रैल को नामांकन की तिथि निर्धारित होने के कारण पहले ही दिन उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भीड़ देखने को मिली।पहले दिन करीब आधा दर्जन प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन करने पहुंचे उम्मीदवारों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे, जो पूरे परिसर में अपने-अपने उम्मीदवार के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए। इससे प्रखंड कार्यालय का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा दिखा।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संदीप कुमार पांडेय ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया दो दिनों तक चलेगी। इसके लिए समय सुबह 11 बजे से लेकर अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी, जिसका समय भी पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक तय किया गया है।बीडीओ ने आगे जानकारी दी कि अभ्यर्थी 13 अप्रैल को अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। इसके लिए भी समय सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक रखा गया है। चुनाव की तिथि 20 अप्रैल निर्धारित है, जिसमें मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 4:30 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना भी प्रारंभ कर दी जाएगी और विजेता की घोषणा कर दी जाएगी।

पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 22 अप्रैल को संपन्न हो जाएगी।इधर, नामांकन के दूसरे दिन कितने उम्मीदवार मैदान में उतरते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। सूत्रों के अनुसार संभावित प्रत्याशियों के बीच मान-मनौवल का दौर भी जारी है, जिससे नाम वापसी की स्थिति बन सकती है। ऐसे में अंतिम रूप से कितने उम्मीदवार चुनावी मैदान में रहेंगे, यह 13 अप्रैल के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।कुल मिलाकर, पैक्स अध्यक्ष चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में यह माहौल और भी गरमाने की संभावना है।