एसपी के जनता दरबार में नया भोजपुर में शराब बिक्री से लेकर फोरलेन पर कट बनवाने तक की लगी गुहार

नया भोजपुर थाने में आयोजित एसपी के जनता दरबार में जहां आम लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखी, वहीं वार्ड सदस्यों व सामाजिक-राजनैतिक कार्यकर्ताओं ने सामाजिक मुद्दों को जनता दरबार में उठाया, जिस पर एसपी ने सकारात्मक आश्वासन दिया।

एसपी के जनता दरबार में नया भोजपुर में शराब बिक्री से लेकर फोरलेन पर कट बनवाने तक की लगी गुहार

-- वार्ड पार्षदों व सामाजिक कार्यकर्ताओं उठाए कई मुद्दे, एसपी ने दिया सकारात्मक जबाव

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाने में आयोजित एसपी के जनता दरबार में जहां आम लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखी, वहीं वार्ड सदस्यों व सामाजिक-राजनैतिक कार्यकर्ताओं ने सामाजिक मुद्दों को जनता दरबार में उठाया, जिस पर एसपी ने सकारात्मक आश्वासन दिया। सामाजिक मुद्दों की शुरूआत नया भोजपुर निवासी व डुमरांव नगर परिषद के वार्ड सात के पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप कुमार वर्मा ने की। उन्होंने एसपी के समक्ष मुद्दा उठाया कि नया भोजपुर लोहारटोली चौके के पास स्थित हिन्दी प्लस टू उच्च विद्यालय में बड़ी संख्या में लड़किया भी पढ़ती है।

स्कूल लगने तथा छुट्टी के समय मनचले छात्राओं पर खुलेआम फब्तियां कसते है तथा छेड़खानी भी करते है। उन्होंने कहा कि मनचलों की करतूत से उक्त विद्यालय के शिक्षक भी आहत रहते है, जबकि छात्राएं शर्मसार होती है। एसपी ने थानाध्यक्ष को स्कूल लगने व छुट्टी के समय पुलिस गश्त कराने तथा मनचलों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं, एक अन्य वार्ड पार्षद विजय राम ने नया भोजपुर थाने के सामने फोरलेन पर कट बनवाने की मांग की और कहा कि कट के अभाव में सड़क के दूसरी तरफ जाने के लिए बड़का ढकाईच तक जाना पड़ रहा है। 

इस पर एसपी ने कहा कि वे खुद इस पथ का मुआयना करेंगे तथा एनएचएआई के अधिकारियों से बात कर इस जगह कट बनवाने को कहेंगे। राजद नेता अनिल कुमार यादव ने नया भोजपुर थाने का भवन शीघ्र बनवाने की मांग की। एसपी ने कहा कि इस दिशा में विभागीय प्रयास चल रहा है, जल्दी ही नया भोजपुर थाने को अपना भवन नसीब होगा। 

इसके अलावे उत्पल यादव ने नया भोजपुर सब्जी मंडी के पास फोरलेन पर लगने वाले अवैध पार्किंग हटवाने, वहां सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरा लगवाने की मांग की तथा कहा कि नया भोजपुर में शराब की बिक्री हो रही है। उत्पल ने कहा कि इसमें कमी जरूर आई है, लेकिन अभी भी इस गांव में शराब की बिक्री हो रही है। एसपी ने थानाध्यक्ष को शराब तस्करी पर लगाम लगाने तथा रिकवरी बढ़ाने का निर्देश दिया।