राजपुर को टीबी मुक्त बनाने की मुहिम तेज, अधिकारियों ने मरीजों को दी निक्षय पोषण किट
राजपुर प्रखंड को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता और पोषण सहायता अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को प्रखंड कार्यालय स्थित बीडीओ कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में चार टीबी मरीजों को निःशुल्क निक्षय पोषण किट प्रदान की गई।

केटी न्यूज/राजपुर :
राजपुर प्रखंड को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता और पोषण सहायता अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को प्रखंड कार्यालय स्थित बीडीओ कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में चार टीबी मरीजों को निःशुल्क निक्षय पोषण किट प्रदान की गई। अधिकारियों ने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल दवा से नहीं, बल्कि संतुलित पोषण और सामाजिक सहयोग से भी जीती जा सकती है।कार्यक्रम में चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार, बीडीओ मनोज कुमार, सीओ डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह तथा बीपीआरओ अभिषेक पाठक ने संयुक्त रूप से मरीजों को पोषण किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

अधिकारियों ने मरीजों से नियमित रूप से दवा लेने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की अपील की।चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि टीबी पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है। यदि समय पर जांच कराई जाए, नियमित दवा का सेवन किया जाए और पौष्टिक आहार लिया जाए, तो मरीज पूर्ण रूप से स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने लोगों से सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क जांच, दवा और पोषण सहायता योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की 'निक्षय मित्र' पहल के तहत कोई भी समाजसेवी, संस्था या सक्षम व्यक्ति टीबी मरीज को गोद लेकर उसकी मदद कर सकता है।

ऐसे व्यक्ति मरीज को एक वर्ष तक पौष्टिक आहार एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उसके उपचार में सहयोग कर सकते हैं। मरीज के पूरी तरह स्वस्थ होने पर सहयोग करने वाले निक्षय मित्र को स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।अधिकारियों ने कहा कि जनभागीदारी और जागरूकता के बल पर ही राजपुर प्रखंड को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य समय पर हासिल किया जा सकेगा। इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

